BHOPAL. मध्य प्रदेश के 7 लाख सरकारी कर्मचारी लंबे वक्त से महंगाई भत्ते (DA) में तीन प्रतिशत बढ़ोतरी का इंतजार कर रहे हैं। वहीं केंद्र सरकार ने अपने कर्मचारियों को खुशखबरी देते हुए डीए को बढ़ाकर 55% कर दिया है।
लेकिन, राज्य कर्मचारियों को अब भी 50% डीए ही मिल रहा है। जिसके कारण एमपी के कर्मचारियों में असंतोष बढ़ गया है, क्योंकि उन्हें उम्मीद थी कि राज्य सरकार बजट में तीन प्रतिशत महंगाई भत्ता बढ़ाएगी, लेकिन बजट में इसको लेकर कोई घोषणा नहीं की गई। अब कर्मचारी संगठनों सरकार से इसको लेकर जल्द घोषणा करने की मांग कर रहे हैं।
केंद्र ने बढ़ाया 2% डीए, राज्य कर्मचारियों में असंतोष
दरअसल, केंद्र सरकार ने अपने कर्मचारियों के लिए डीए को बढ़ाकर 55% कर दिया है, केंद्रीय कर्मचारियों को जुलाई 2024 से 53% महंगाई भत्ता मिल रहा रहा था, जबकि केंद्र सरकार ने शुक्रवार को डीए में दो प्रतिशत और बढ़ोतरी की घोषणा की। यह बढ़ोतरी 1 जनवरी 2025 से लागू होगी। केंद्र सरकार द्वारा घोषित 55% डीए के मुकाबले मध्य प्रदेश के कर्मचारियों को अभी भी 50% डीए मिल रहा है। राज्य कर्मचारियों को उम्मीद थी कि 2025-26 के बजट में सरकार मंहगाई भत्ते को लेकर को लेकर बड़ी घोषणा करेगी लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अब कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ रही है।

