News In Short
MPPSC इस साल 25 से ज्यादा परीक्षाएं आयोजित कर एक नया रिकॉर्ड बनाने जा रहा है।
साल के अंत तक 13 और नई भर्तियों की अधिसूचना जारी की जाएगी।
कुल 5 हजार से अधिक पदों के लिए इसी साल इंटरव्यू कराने का लक्ष्य है।
असिस्टेंट प्रोफेसर और मेडिकल ऑफिसर जैसी बड़ी भर्तियों पर आयोग का विशेष फोकस है।
राज्य सेवा परीक्षा 2026 की मुख्य परीक्षा सितंबर में होगी, जिसके तुरंत बाद रिजल्ट की योजना है।
News In Detail
मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग के लिए साल 2026 मील का पत्थर साबित होने वाला है। प्रदेश के लाखों कैंडिडेट्स के लिए राहत की खबर यह है कि आयोग इस साल भर्तियों का रिकॉर्ड तोड़ने की तैयारी में है।
आमतौर पर सालभर में औसतन 17 से 21 परीक्षाएं आयोजित की जाती हैं, लेकिन इस बार यह आंकड़ा 25 के पार निकलने की उम्मीद है। आयोग का पूरा जोर इस वक्त भर्ती प्रक्रिया को पटरी पर लाने और बैकलॉग खत्म करने पर है।
दिसंबर तक आएंगी 13 और नई भर्तियां
आयोग अब तक 12 प्रमुख भर्तियों के लिए नोटिफिकेशन जारी कर चुका है। इसमें राज्य सेवा और वन सेवा जैसी पारंपरिक परीक्षाओं के अलावा टेक्निकल और ऐकडेमिक पदों को भी शामिल किया गया है। बड़ी खबर यह है कि 31 दिसंबर 2026 से पहले 13 और नई भर्तियां आने वाली हैं।
इनमें असिस्टेंट प्रोफेसर, असिस्टेंट रजिस्ट्रार, साइंटिफिक ऑफिसर, और मेडिकल एक्सपर्ट जैसे महत्वपूर्ण पद शामिल होंगे। इस बार आयोग का विशेष फोकस विशेषज्ञ संवर्ग (Specialist Cadre) के पदों को भरने पर है।
5 हजार पदों के लिए इंटरव्यू
परीक्षाओं के साथ-साथ आयोग के सामने इंटरव्यू आयोजित करने की भी बड़ी चुनौती है। इस साल कुल 5 हजार से ज्यादा पदों के लिए इंटरव्यू का लक्ष्य रखा गया है। इसमें पिछले साल के मेडिकल ऑफिसर (1832 पद) और असिस्टेंट प्रोफेसर (1918 पद) की बड़ी भर्तियां शामिल हैं।
साथ ही, इसी साल होने वाली 1239 असिस्टेंट प्रोफेसर पदों की परीक्षा के इंटरव्यू भी इसी कैलेंडर में शामिल करने की कोशिश की जा रही है, हालांकि यह प्रक्रिया मार्च 2027 तक भी खिंच सकती है।
सितंबर में मेंस और रिजल्ट का प्लान
राज्य सेवा परीक्षा 2026 के 155 पदों के लिए भी आयोग ने अपनी रफ्तार बढ़ा दी है। इसकी मेंस परीक्षा सितंबर 2026 में प्रस्तावित है। आयोग की नई रणनीति यह है कि मुख्य परीक्षा के तुरंत बाद रिजल्ट जारी कर इंटरव्यू शुरू कर दिए जाएं। इससे सेशन नियमित होगा और अभ्यर्थियों को सालों तक परिणाम का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
MPPSC से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें...

