News In Short
- पश्चिम बंगाल में शुरुआती रुझानों में BJP बहुमत के पार निकल गई।
- MP के CM डॉ मोहन यादव ने बंगाल में तीन सीटों पर प्रचार किया था।
- कमरहाटी, खड़गपुर सदर और बांकुरा तीनों सीटों में से दो पर BJP आगे है।
- MP के कैबिनेट मंत्री और डिप्टी CM ने TMC की हार का दावा किया है।
- MP के नेताओं ने कहा कि बंगाल में दीदी युग अब खत्म होने जा रहा है।
News In Detail
बंगाल में BJP की बड़ी बढ़त
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की मतगणना 4 मई को सुबह 8 बजे से ही शुरू हो गई है। शुरुआती रुझानों में BJP ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। TMC यानी तृणमूल कांग्रेस पीछे चल रही है। यह नतीजे सियासी हलकों में बड़ी हलचल मचा रहे हैं।
बंगाल में 294 विधानसभा सीटें हैं। बहुमत के लिए 148 सीटें चाहिए। शुरुआती रुझान बताते हैं कि BJP इस आंकड़े को पार करती दिख रही है। हालांकि मतगणना अभी जारी है और अंतिम तस्वीर बाद में साफ होगी।
CM मोहन यादव की सभा वाली सीटें
इस बार के चुनाव में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने भी बंगाल में जमकर प्रचार किया था। उन्होंने तीन सीटों पर चुनावी सभाएं कीं, जो हैं कमरहाटी, खड़गपुर सदर और बांकुरा हैं।
बांकुरा विधानसभा सीट का मुकाबला थोड़ा अलग है। यहां चार दलों के उम्मीदवार हैं। BJP से नीलाद्रि शेखर दाना, TMC से डॉ अनूप मंडल, कांग्रेस से अरूप बनर्जी और CPI-M से अवोयानंद मुखोपाध्याय चुनाव लड़ रहे हैं। इस सीट से भी BJP के नीलाद्रि शेखर दाना आगे चल रहे हैं।
कमरहाटी विधानसभा सीट से TMC के मदन मित्रा आगे
कोलकाता जिले की कमरहाटी विधानसभा सीट पर TMC के मदन मित्रा आगे चल रहे हैं। उनके सामने BJP के अरूप चौधरी हैं। मेदिनीपुर जिले की खड़गपुर सदर सीट पर BJP के दिलीप घोष बढ़त बनाए हुए हैं। वहां TMC की ओर से प्रदीप सरकार मैदान में हैं।
सीएम मोहन बोले- भगवा तिरंगा लहराने वाला है
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे अब लगभग साफ हो गए हैं। शुरुआती रुझानों से ही बीजेपी को स्पष्ट बहुमत मिलता हुआ दिख रहा है। इसके बीच बयानबाजी का दौर भी शुरू हो गया है।
इसी दौरान मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश की सीमा पर भी अब हमारा भगवा तिरंगा लहराने वाला है।
वहीं, मध्य प्रदेश बीजेपी कार्यालय से एक अनूठी तस्वीर सामने आई। यहां कार्यकर्ताओं ने झालमुड़ी बांटकर अपनी जीत की खुशी मनाई।
MP कैबिनेट मंत्री का दावा
मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि पश्चिम बंगाल, असम और तमिलनाडु में BJP का प्रदर्शन अच्छा रहने वाला है। उनका कहना है कि एग्जिट पोल भी यही संकेत दे रहे थे।
सारंग ने दावा किया कि बंगाल में दीदी युग अब खत्म होने जा रहा है। जनता डबल इंजन सरकार के पक्ष में है यानी केंद्र और राज्य दोनों जगह BJP।
उन्होंने यह भी कहा कि असम में भाजपा सरकार बनेगी और बंगाल में प्रचंड बहुमत आएगा।
डिप्टी CM देवड़ा का बयान
मध्य प्रदेश के डिप्टी CM डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने कहा कि बंगाल में फर्जी वोटर हटने से स्थिति साफ हुई है। उनके मुताबिक रुझान जैसे हैं, नतीजे भी वैसे ही आएंगे।
देवड़ा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के काम को इस जीत का श्रेय दिया। उन्होंने यह भी कहा कि महिला आरक्षण बिल के विरोध का नुकसान ममता बनर्जी को उठाना पड़ा है।
इंदौर मेयर का दिलचस्प संयोग
इंदौर के मेयर पुष्यमित्र भार्गव ने एक दिलचस्प बात कही है। उन्होंने बताया कि जब पहली बार स्वच्छता से जुड़ी टीम की घोषणा के दिन वे देपालपुर दौरे पर गए थे, उस दिन बिहार के चुनाव नतीजे आए थे।
वहां BJP को बहुमत मिला था। अब आज फिर वे देपालपुर में हैं और पांच राज्यों के नतीजे आ रहे हैं। उनका कहना है कि माहौल फिर वैसा ही बनता दिख रहा है।
ममता पर इंदौर सांसद का हमला
इंदौर से BJP सांसद शंकर लालवानी ने ममता बनर्जी सरकार पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पिछले 15 सालों से बंगाल में जंगलराज चला। उनके मुताबिक इस दौरान हिंदुओं पर अत्याचार की घटनाएं हुईं।
लालवानी ने दावा किया कि बंगाल की जनता बदलाव चाहती है और रुझान इसी बात का संकेत दे रहे हैं। उनके मुताबिक ममता बनर्जी का यह दौर अब खत्म होने जा रहा है।
ये खबरें भी पढ़िए...
केरलम में LDF लगाएगी हैट्रिक या UDF की वापसी, हर सीट का परिणाम द सूत्र पर
चुनावी नतीजों से पहले ममता को झटका, सुप्रीम कोर्ट का मतगणना में दखल से इनकार
विधानसभा चुनाव 2026: पश्चिम बंगाल में दीदी फिर बनाएगी सरकार या सुवेंदु करेंगे खेला

