पश्चिम बंगाल में टीएमसी का जाना और बीजेपी सरकार का बनना लगभग तय हो गया है। इस जीत से सबसे ज्यादा खुश और भावुक मंत्री कैलाश विजयवर्गीय हुए।
सोमवार 4 मई को उन्होंने अपने निवास पर पत्रकारों से बात की।
इसमें वह भावुक हो गए और वहां के हालात बताते-बताते आंखों से आंसू आ गए। वहीं विजयवर्गीय ने बंगाल में बीजेपी की विजय पर (रुझानों में) सभी अतिथियों को झालमुरी भी खिलाई।
मानसिक पीड़ा से गुजरा हूं- मंत्री
मंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल में, जब मैं बीते चुनाव में प्रभारी था तब मुझ पर और हमारे प्रचारकों पर दुष्कर्म, बच्चे बेचने जैसे गैर जमानती धारा के फर्जी केस बनाए गए।
ममता बनर्जी (पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री) हमें जेल भेजने में लगी हुई थीं। मैं किस मानसिक पीड़ा से गुजरा हूं बता नहीं सकता हूं। आप समझ सकते हैं कि ऐसे केस लगाए गए।
हम पर 32-32 केस लगा दिए गए। वह तो हमारी न्यायपालिका निष्पक्ष है , नहीं तो जेल में डाल दिया जाता। यहां बैठकर बंगाल के हालत की कल्पना नहीं कर सकते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि बंगाल में कानून-व्यवस्था नाम की चीज ही नहीं है। मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि यह जीत मोदी जी (प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी) के नेतृत्व और शाह जी (गृहमंत्री अमित शाह) की रणनीति के कारण है। अब वहां विकास होगा।

