Dailyhunt
सीएम मोहन यादव आज इंदौर-पीथमपुर इकोनॉमिक कॉरिडोर का करेंगे भूमि-पूजन

सीएम मोहन यादव आज इंदौर-पीथमपुर इकोनॉमिक कॉरिडोर का करेंगे भूमि-पूजन

ध्यप्रदेश सरकार इंदौर और पीथमपुर के बीच इकोनॉमिक कॉरिडोर (Economic Corridor) बनाने जा रही है। इस परियोजना में 75 मीटर चौड़ी और 20 किलोमीटर लंबी सड़क बनेगी। सड़क के दोनों तरफ 300-300 मीटर के दायरे में सुनियोजित विकास होगा।

कुल 1300 हेक्टेयर से ज्यादा जमीन इस प्रोजेक्ट में शामिल है। पूरी परियोजना की लागत 2360 करोड़ रुपए तय की गई है। यहां उद्योग, व्यापार और सेवा क्षेत्र के लिए आधुनिक सुविधाएं तैयार होंगी।

3 मई को पहले चरण का होगा भूमि-पूजन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज यानी 03 मई को ग्राम नैनोद, सेक्टर-ए, इंदौर में भूमि-पूजन करेंगे। यह परियोजना के पहले चरण की शुरुआत होगी। पहले चरण पर 326 करोड़ 51 लाख रुपए खर्च होंगे। इसमें सड़क, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं का काम शुरू होगा।

किसानों को 60% विकसित जमीन

इस प्रोजेक्ट की सबसे बड़ी चुनौती जमीन थी। इंदौर शहर के पास होने की वजह से यहां जमीन की कीमतें बहुत ज्यादा हैं। किसान अपनी जमीन देने से हिचक रहे थे।

इस समस्या को सुलझाने के लिए सीएम मोहन यादव ने एक अहम फैसला किया है। उन्होंने भू-स्वामियों को मिलने वाली विकसित जमीन का हिस्सा 50% से बढ़ाकर 60% कर दिया है। यानी जो किसान अपनी जमीन प्रोजेक्ट को देगा, उसे बदले में 60% विकसित भूखंड मिलेगा।

विकसित जमीन का मतलब ऐसी जमीन है जिसमें पहले से सड़क, बिजली और पानी की सुविधा हो। ऐसी जमीन का बाजार मूल्य सामान्य जमीन से काफी ज्यादा होता है। इसलिए किसानों को लगा कि यह सौदा उनके हित में है। इस फैसले के बाद किसानों की भागीदारी तेजी से बढ़ी है।

किसानों को क्या फायदा होगा?

60% विकसित जमीन मिलने से किसान भविष्य में अच्छी कीमत पर इसे बेच सकते हैं। इसके अलावा वे इस जमीन पर घर, दुकान या कोई व्यवसाय भी शुरू कर सकते हैं। यानी यह उनकी कमाई का एक स्थायी जरिया बन सकता है।

MPIDC (Madhya Pradesh Industrial Development Corporation) यानी मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम और जिला प्रशासन मिलकर किसानों से लगातार बात कर रहे हैं। उन्हें योजना के फायदे समझाए जा रहे हैं। इसका असर भी दिख रहा है। किसान अब खुद आगे आकर इस प्रोजेक्ट में शामिल हो रहे हैं।

प्रदेश में बढ़ेगा रोजगार और निवेश

इंदौर-पीथमपुर इकोनॉमिक कॉरिडोर सिर्फ एक सड़क नहीं है। यह एक पूरा आर्थिक इकोसिस्टम (Economic Ecosystem) तैयार करेगा। यहां बड़े उद्योग आएंगे। व्यापार और सेवा क्षेत्र के लिए अलग जगह होगी।

इससे स्थानीय युवाओं को नजदीक में ही रोजगार मिलेगा। इलाके की कनेक्टिविटी (Connectivity) यानी आवागमन की सुविधा भी मजबूत होगी। जानकारों का मानना है कि यह कॉरिडोर इंदौर को देश के बड़े औद्योगिक केंद्रों में शामिल करने में मदद करेगा। बड़े निवेशक यहां आकर्षित होंगे और इससे पूरे क्षेत्र की तस्वीर बदलेगी।

सीएम मोहन यादव का आज का कार्यक्रम

सीएम मोहन यादव का दौरा इस प्रकार है...

  • सुबह 11:35 बजे: अपने निवास से भोपाल के स्टेट हैंगर जाएंगे।
  • सुबह 11:55 बजे: भोपाल से इंदौर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे।
  • दोपहर 12:25 बजे: नैनोद स्थित MPIDC के कार्यक्रम में पहुंचेंगे। यहां वे वे इंदौर-पीथमपुर इकोनॉमिक कॉरिडोर का भूमिपूजन करेंगे।
  • दोपहर 02:10 बजे: सीएम वापस इंदौर एयरपोर्ट पहुंचेंगे।
  • दोपहर 02:15 बजे: इंदौर एयरपोर्ट से डॉ. अंबेडकर नगर (महू) के वेटरनरी कॉलेज के हेलीपैड पहुंचेंगे।
  • दोपहर 02:35 बजे: बंसल इंजीनियरिंग कॉलेज पहुंचेंगे और स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
  • दोपहर 03:35 बजे: वापस वेटरनरी कॉलेज, महू के हेलीपैड पहुंचेंगे।
  • दोपहर 03:45 बजे: महू से वापस इंदौर एयरपोर्ट आएंगे।
  • शाम 04:05 बजे: तिलक नगर, इंदौर पहुंचेंगे।
  • शाम 05:05 बजे: तिलक नगर से होटल सेरेटन पहुंचेंगे, यहां वे स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
  • शाम 06:45 बजे: इंदौर एयरपोर्ट पहुंचेंगे।
  • शाम 06:50 बजे: इंदौर से वापस भोपाल (स्टेट हैंगर) लौटेंगे।
  • रात 07:30 बजे: अपने निवास पर पहुंचेंगे।

ये खबर भी पढ़िए...

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: d sutr