पांच पाइंट में समझें पूरा मामला
- ऑडियो लीक: सोनम कुशवाह हनी ट्रैप गैंग का 13 मिनट का नया ऑडियो लीक हुआ।
- पुलिस सेटिंग: आरोपी महिला ने मुरैना से ग्वालियर तक पुलिस सेटिंग का दावा किया।
- नया टारगेट: लीक ऑडियो में अमीर व्यापारियों को जाल में फंसाने की साजिश है।
- नेता बेनकाब: जब्त चार मोबाइल फोन से कई सफेदपोश राजनेताओं के चेहरे बेनकाब होंगे।
- पुलिस एक्शन: जौरा पुलिस ऑडियो के आधार पर फरार महिला आरोपियों को ढूंढ रही है।
रतन मिश्रा@ग्वालियर. मुरैना की सोनम कुशवाह और उसकी हनी ट्रैप करने वाले रैकेट मामले में एक नया मोड़ आया है। यह पूरी गैंग अभी फरार है, इसी बीच जौरा पुलिस के हाथ एक ऑडियो लगा है। इस ऑडियो में सुनीता जाटव निवासी बदरपुरा जौरा तथा पूनम नामक महिला के बीच बातचीत रिकॉर्ड है। ऑडियो में सुनीता जाटव नामक महिला पूनम से कह रही है कि तू तो बनियों से सेटिंग कर जैसे मैंने की है। मेरा मुरैना से लेकर ग्वालियर तक के पुलिस वालों से प्रेम है, मेरे एक फोन से काम चलता है। इस ऑडियो के आने के बाद अब पुलिस एक बार फिर एक्टिव हो गई है।
NEWS in detail
हम बात कर रहे हैं जौरा क्षेत्र के बदरपुरा गांव निवासी भाजपा नेत्री सोनम कुशवाह की जो हनी ट्रैप मामले में फरार है। उसके साथ में उसका पति बंटी कुशवाह, एक अन्य साथी महिला मीरा कुशवाहा जो अपने पति की हत्या के मामले में आरोपी है तथा अन्य साथी फरार चल रहे हैं।
सोनम कुशवाह भारतीय जनता पार्टी की युवा नेत्री है। उसके फोटो मुरैना जिला अध्यक्ष कमलेश कुशवाहा, पूर्व विधायक अजब सिंह कुशवाहा, ग्वालियर सांसद भरत सिंह कुशवाहा तथा प्रदेश के विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के साथ सामने आए हैं। वह तब पकड़ी गई जब माता बसैया थाने में उसके खिलाफ हनी ट्रैप का मामला सामने आया जिसमें उसने एक बुजुर्ग शंकर पुत्र समेर सिंह कुशवाहा को फंसा लिया था तथा 30 लाख रुपए की मांग की थी। उसके बाद उसने जौरा कस्बे के एक प्रतिष्ठित बड़े व्यापारी रमेश उर्फ पप्पू शिवहरे को फंसाया था उससे 10 लाख रुपए की मांग की थी। व्यापारी की सक्रियता से पुलिस ने सोनम को पकड़ लिया था।
पुलिस के पास है सोनम के चार मोबाइल
पुलिस ने सोनम के कब्जे से चार मोबाइल जप्त किए थे। इन मोबाइल में उन सभी लोगों के अश्लील वीडियो मौजूद बताए जा रहे हैं, जिनको उसने अपना शिकार बनाया है। उसके शिकार में कई राजनेता एवं पदाधिकारी शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस की माने तो सभी मोबाइल का डाटा जल्द ही रिकवर किया जाएगा। इससे कई सफेदपोश बेनकाब होंगे। इसमें भाजपा के एक वरिष्ठ नेता का नाम भी सामने आया है, जिसे सोनम ने अपना शिकार बनाया और मोटी रकम ऐंठ ली। सोनम के साथ में जो दो युवक जितेंद्र पुत्र रोशन कुशवाहा तथा पप्पू पुत्र बदन सिंह कुशवाहा को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह दोनों अपराधी किस्म के है तथा अवैध शराब बेचने का काम करते हैं।
सुनीता जाटव की ऑडियो के कुछ अंश..
पूनम तू मेरे लिए कोई दूसरा देख ले उससे मेरी पट नहीं रही। तुमने संदीप को तलाश लिया है ठीक वैसे ही मेरे लिए भी तलाश दो। पूनम बोली- मुझे ना संदीप से मतलब है न किसी और से। सुनीता जाटव बोली- मैं परसों वापस जौरा जा रही हूं। मेरा मुरैना से लेकर ग्वालियर तक के पुलिस वालों से प्रेम है, मेरे एक फोन से काम चलता है। तू तो बनियों से सेटिंग कर ले, जैसे मैंने की है। मैं जिससे बात करती हूं तू उसके भैया से बात कर ले। मैं राहुल वाली बस से आऊंगी। 13 मिनट 24 सेकंड के इस ऑडियो में दोनों के बीच बहुत सारी बातें हैं, जिससे स्पष्ट हो रहा है कि दोनों हनी ट्रैप में लोगों को फंसाती है। जौरा थाना पुलिस, अब ऑडियो के आधार पर उनकी तलाश कर रही है।
कहते हैं पुलिस अधिकारी…
नितिन बघेल, SDOP, जौरा ने बताया कि एक ऑडियो सामने आया है, जिसमें दो महिलाएं आपस में बात कर रही हैं। एक का नाम सुनीता जाटव तथा दूसरे का नाम पूनम है। ऑडियो के आधार पर इन दोनों के संबंध हनी ट्रैप मामले से जुड़े प्रतीत होते हैं। हम सोनम कुशवाह और उसके रैकेट को पकड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।
यह खबरें भी पढ़ें...
एमपी में हनीट्रैप गैंग की आरोपी महिला निकली HIV संक्रमित, पीड़ितों की जान को भी खतरा
मुरैना में प्रेम का दर्दनाक अंत: पहले लिए सात फेरे, फिर हाथ बांध नदी में कूदा प्रेमी जोड़ा
बुजुर्गों को फंसाने वाली हनी ट्रैप गिरोह का भांडाफोड़, अश्लील वीडियो बनाकर करते थे ब्लैकमेल
भिंड हनी ट्रैप केस : HIV पॉजिटिव महिला के साथ काम करता था रसूखदारों का गिरोह

