मुंबई के कलीना इलाके का मामला. पुलिस ने एपिडेमिक डिज़ीज़ एक्ट के तहत अज्ञात बाइकर के ख़िलाफ़ मुक़दमा दर्ज किया. दिल्ली में बीते मार्च महीने में मणिपुर की ही एक अन्य युवती को कोरोना कहकर उस पर एक युवक ने पान थूक दिया था.
मुंबई/नई दिल्ली: मुंबई के सांताक्रूज के कलीना इलाके में सोमवार को एक अज्ञात मोटरसाइकिल सवार ने एक मणिपुरी युवती पर उस वक्त थूक दिया जब वह सड़क पर पैदल जा रही थी.
पुलिस ने यह जानकारी दी. यह घटना तब हुई जब 25 वर्षीय युवती अपने एक मित्र के साथ मिलिट्री कैंप की तरफ जा रही थी, जहां जरूरी सामान वितरित किए जा रहे थे.
युवती ने अपनी प्राथमिकी में आरोप लगाया कि बाइकर ने अपना मास्क हटाया और थूक कर भाग गया.
वकोला थाने के एक अधिकारी ने युवती की शिकायत का हवाला देते हुए कहा, 'इस तरह की हरकत से मुझे कोरोना वायरस संक्रमण हो सकता है. मैं बाइक का नंबर नोट नहीं कर सकी.'
पुलिस आरोपी का पता लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है.
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, सोशल मीडिया पर मामला सामने आने के बाद मुंबई पुलिस कमिश्नर ने स्थानीय पुलिस थाने को बाइकर के खिलाफ केस दर्ज करने का निर्देश दिया.
वकोला पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि एपिडेमिक डिज़ीज़ एक्ट के तहत बाइकर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है.
हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में युवती ने कहा, 'मैंने मास्क और टोपी पहन रखी थी. मैं हैरान हूं कि ऐसा क्या हुआ जिसकी वजह से उसे ऐसा करना पड़ा.'
उन्होंने कहा, अगर इस घटना का कोरोना वायरस से कुछ लेना देना है तो मैं नहीं जानती, लेकिन हमारा समुदाय भेदभाव का सामना करता है. कुछ नाम हैं, जिनसे हमें पुकारा जाता है और कुछ हमें चिढ़ाते हैं.
राष्ट्रीय महिला आयोग ने मामले का स्वत: संज्ञान लिया
कोरोना वायरस महामारी के बीच मुंबई की कलीना मार्केट में एक बदमाश द्वारा पूर्वोत्तर की लड़की पर थूके जाने का राष्ट्रीय महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लिया है और इसे नस्लीय भेदभाव का मामला बताया है.
आयोग ने कहा कि वह उचित कार्रवाई के लिए मामले को देखेगा. आयोग ने एक ट्वीट में कहा, कोरोना वायरस महामारी के बीच नस्लीय भेदभाव का एक और मामला. मुंबई के कलीना मार्केट में एक बदमाश ने पूर्वोत्तर की एक लड़की पर थूक दिया. राष्ट्रीय महिला आयोग उचित कार्रवाई के लिए इस मामले को देखेगा.
आयोग को फेसबुक पर एक पोस्ट टैग किया गया है जिसमें बाइक सवार पूर्वोत्तर की लड़की पर थूक रहा है.
मालूम हो कि इसी तरह का एक मामला मार्च में दिल्ली में सामने आया था. दिल्ली के विजय नगर इलाके में दिल्ली विश्वविद्यालय से एमफिल कर रही मणिपुर की ही एक युवती को कोरोना कहते हुए उस पर पान थूका गया था.
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में आरोपी गिरफ्तार कर लिया था.

