Dailyhunt
अब नहीं चलेगी कुलियों की मोनोपॉली, ऑनलाइन होगी बुकिंग; इन स्टेशनों पर शुरू हुई सुविधा

अब नहीं चलेगी कुलियों की मोनोपॉली, ऑनलाइन होगी बुकिंग; इन स्टेशनों पर शुरू हुई सुविधा

TV9 UP 1 week ago

ट्रेन में यात्रा के दौरान अक्सर कुलियों के साथ बहस और मनमानी रकम मांगने पर विवाद की स्थिति बनती है, लेकिन अब रेलवे ने इस समस्या का समाधान ढूंढ लिया है. अब स्टेशन पर सामान उतारने चढ़ाने के लिए ना तो कुली ढूंढने की जरूरत होगी और ना ही उनसे मोलभाव ही करना होगा.

बल्कि आप अपनी सुविधानुसार ऑनलाइन ही कुली बुक कर सकेंगे. इससे आपको सामान लेकर सफर करने में किसी तरह की दिक्कत नहीं आएगी.

इस सेवा के लिए भारतीय रेलवे ने अनूठी पहल की है. यह व्यवस्था देश में सबसे पहले उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में लागू किया जा रहा है. इस व्यवस्था में आप घर बैठे यात्रा का समय और ट्रेन की डिटेल डालकर कुली की ऑनलाइन बुकिंग कर सकेंगे. यदि आप ट्रेन में यात्रा के लिए पहुंचेंगे तो कुली आपको स्टेशन के गेट पर ही इंतजार करता हुआ मिलेगा. वहीं यदि आप ट्रेन में यात्रा कर रहे हैं तो गंतव्य स्टेशन पर कुली आपको आपकी कोच के गेट पर मिलेगा.

ऐसे होगी बुकिंग

भारतीय रेलवे के मुताबिक यह सुविधा बहुत आसान है. फोन में रेलवे के अधिकृत ऐप या वेबसाइट के जरिए आप सहज ही कुली की बुकिंग कर सकेंगे. बुकिंग करते समय आपकी स्क्रीन पर कुली का नाम और नंबर आ जाएगा. इसके बाद आप जिस कुली को सलेक्ट करेंगे, स्टेशन पर वह कुली आपका इंतजार करता हुआ मिलेगा. रेलवे ने इस सेवा के एक डिजिटल पेमेंट सिस्टम भी बनाया है. इससे यात्रियों को बुकिंग के समय ही पता चल जाएगा कि उन्हें कितना पेमेंट करना है. वह चाहें तो कुली के हाथ में पैसा देने के बजाय इस सिस्टम में ऑनलाइन भुगतान भी कर सकेंगे.

इसलिए लिया फैसला

रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक अक्सर त्योहारों या भीड़-भाड़ के मौकों पर यात्रियों और कुलियों के बीच झगड़े की शिकायतें आती रहती हैं. इन शिकायतों में ज्यादातर लेन देन के विवाद का मामला होता है. इसके अलावा कई बार कुली जान बूझकर किसी यात्री का सामान नहीं उठाते. इन सभी समस्याओं को देखते हुए इस सिस्टम को तैयार किया गया है. इस सिस्टम में जिस भी कुली का विवरण स्क्रीन पर आएगा, उसे बिना किसी विवाद के यात्री का सामान उठाना ही होगा.

यहां शुरू हुई सेवा

रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक इस सेवा को अभी पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू किया गया है. फिलहाल यह सेवा प्रयागराज जंक्शन, छिवकी, कानपुर सेंट्रल, मिर्जापुर, इटावा और अलीगढ़ जैसे बड़े स्टेशनों पर शुरू की जा रही हैं. यदि पायलट प्रोजेक्ट सफल होता है तो प्रयागराज मंडल के साी स्टेशन पर इस सेवा को शुरू किया जाएगा. निकट भविष्य में यह सेवा देश भर के स्टेशनों पर शुरू करने की योजना है. उत्तर मध्य रेलवे के सीनियर डीसीएम हरिमोहन के मुताबिक यह सेवा यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के लिए शुरू की जा रही है.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: TV9 UP