Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
अमरोहा में बावनखेड़ी हत्याकांड जैसी साजिश! परिवार के 7 लोगों को बेहोश कर युवती फरार

अमरोहा में बावनखेड़ी हत्याकांड जैसी साजिश! परिवार के 7 लोगों को बेहोश कर युवती फरार

TV9 UP 5 days ago

त्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में एक बार फिर चर्चित बावनखेड़ी हत्याकांड जैसी घटना दोहराए जाने की कोशिश ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गुलामपुर गांव में एक युवती पर आरोप है कि उसने अपने प्रेमी के साथ भागने की योजना के तहत परिवार के सात सदस्यों के खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया.

मंगलवार सुबह परिवार के सभी सदस्य अचेत अवस्था में मिले, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया.

घटना के बाद युवती अपनी चार वर्षीय बेटी के साथ घर से गायब है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है. जानकारी के मुताबिक, मामला हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गुलामपुर गांव का है. आरोप है कि सोमवार रात युवती ने परिवार के लिए बने भोजन में नशीला पदार्थ मिला दिया. रात में खाना खाने के बाद परिवार के सात सदस्य गहरी बेहोशी की हालत में चले गए. मंगलवार सुबह जब परिवार का एक अन्य सदस्य घर पहुंचा तो सभी लोग अचेत पड़े मिले.

अस्पताल में भर्ती कराए गए सात लोग

सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची. सभी अचेत लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. चिकित्सकों की निगरानी में सभी की हालत पर नजर रखी जा रही है. प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि भोजन में किसी प्रकार का नशीला पदार्थ मिलाया गया था. हालांकि इसकी पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगी.

प्रेमी के साथ भागने की आशंका

घटना के बाद युवती अपनी चार वर्षीय बेटी के साथ घर से गायब है. परिजनों का आरोप है कि उसने पहले से बनाई गई योजना के तहत परिवार के सभी लोगों को बेहोश किया और फिर अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई. परिवार का कहना है कि अगर सभी लोग बेहोश नहीं होते तो संभवतः वह घर से निकल नहीं पाती. इसी कारण उसने पूरे परिवार को अचेत करने की साजिश रची.

भतीजे ने लगाए गंभीर आरोप

आरोपी महिला के भतीजे शारिक ने आरोप लगाया कि उसकी बुआ काफी समय से एक युवक के संपर्क में थी और उसके साथ जाने की योजना बना रही थी. उसका कहना है कि इसी मकसद से परिवार के लोगों के खाने में नशीला पदार्थ मिलाया गया ताकि कोई विरोध न कर सके और वह आसानी से घर छोड़कर जा सके. भतीजे के मुताबिक, यदि समय रहते घटना का पता नहीं चलता तो बड़ा हादसा भी हो सकता था.

बावनखेड़ी हत्याकांड की याद हुई ताजा

इस घटना के सामने आने के बाद लोगों को वर्ष 2008 का चर्चित बावनखेड़ी हत्याकांड याद आ गया. उस मामले में भी परिवार के लोगों को पहले नशीला पदार्थ देकर बेहोश किया गया था और बाद में उनकी हत्या कर दी गई थी. पुलिस का कहना है कि अभी मामले की जांच प्रारंभिक चरण में है, परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज किए जाएंगे और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी,

युवती की तलाश जारी

पुलिस ने युवती और उसके कथित प्रेमी की तलाश शुरू कर दी है. मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उनकी तलाश की जा रही है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि युवती अपनी चार वर्षीय बेटी को साथ लेकर कहां गई और घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका तो नहीं है. परिजनों से तहरीर मिलने और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: TV9 UP