Dailyhunt
अष्टभुजा मंदिर में गंदे पानी का रिसाव! भीग जा रहे माता के वस्त्र, पुजारी की शिकायत पर एक्शन में DM

अष्टभुजा मंदिर में गंदे पानी का रिसाव! भीग जा रहे माता के वस्त्र, पुजारी की शिकायत पर एक्शन में DM

TV9 UP 1 week ago

त्तर प्रदेश में मिर्जापुर के विंध्याचल स्थित मां अष्ठभुजा देवी मंदिर के मूर्ति के पास पहाड़ों पानी का रिसाव हो रहा है. पुजारी का आरोप है कि पहाड़ों के ऊपर बने मकानों और बोरिंग का गंदा पानी रिसकर मंदिर के गर्भगृह तक पहुंच रहा है.

इसकी वजह से माता के वस्त्र भींग जा रहे हैं. वहीं फर्श पर पुजारी का आसन तक खराब हो जा रहा है. यही नही, गर्भगृह में फिसलन होने की वजह से श्रद्धालुओं के गिरकर चोटिल होने का खतरा बढ़ गया है.

मंदिर के पुजारी ने इस संबंध में जिला प्रशासन से गुहार लगाई है. पुजारी ने रिसाव को तुरंत बंद कराने और इसके श्रोत का पता लगाने की मांग की है. कहा कि इस रिसाव की वजह से बीते 10 दिनों से माता के पूजन में विघ्न पैदा हो रहा है. उधर, मिर्जापुर के डीएम पवन कुमार गंगवार ने बताया कि यह रिसाव प्राकृतिक जल स्रोत से हो सकता है. फिलहाल समस्या के समाधान के आदेश दे दिए हैं. जल्द ही रिसाव बंद हो जाएगा.

हजारों की संख्या में आते हैं श्रद्धालु

मां अष्ठभुजा मंदिर हिंदुओं की आस्था का बड़ा केंद्र है. मां विंध्यवासिनी देवी, मां काली के साथ श्रद्धालु मां अष्टभुजा देवी का दर्शन करते हैं. हर दिन यहां हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर दर्शन पूजन करते हैं. नवरात्रों में श्रद्धालुओं की संख्या लाखों में पहुंच जाती है. विंध्याचल में अष्टभुजा पहाड़ी पर विराजमान मां अष्ठभुजा के मंदिर में हो रहे इस रिसाव की वजह से ना केवल मंदिर के पुजारी बल्कि स्थानीय लोग भी चिंतित हैं.

पुजारी ने जताई आशंका

मंदिर के पुजारी ने बताया कि अष्टभुजा पहाड़ी के ऊपर गुजर रही पेयजल की पाइपलाइन के क्षतिग्रस्त होने या पहाड़ के ऊपर बने मकानों की बोरिंग से पानी का रिसाव होने की आशंका है. पुजारी धर्मेंद्र पांडेय और परमेश्वर गिरी ने बताया कि मां के गर्भगृह में हो रहे इस रिसाव की वजह से मां के विग्रह के पास पानी बह रहा है. इससे मां का वस्त्र भीग जा रहे हैं. वहीं गर्भगृह में पूरे दिन फिसलन जैसी स्थिति बनी रहती है.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: TV9 UP