Dailyhunt
बाराबंकी में आंधी-बारिश का असर; शादियों के टेंट उखड़े, जान बचाने के लिए इधर-उधर भागे बराती

बाराबंकी में आंधी-बारिश का असर; शादियों के टेंट उखड़े, जान बचाने के लिए इधर-उधर भागे बराती

TV9 UP 2 weeks ago

बाराबंकी में सोमवार सुबह अचानक बदले मौसम ने शादी-विवाह के सीजन में लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं. करीब 9 बजे आसमान पर काले बादल छा गए और कुछ ही देर में तेज आंधी के साथ हल्की बारिश शुरू हो गई. इसी दौरान पत्थर गिरने लगे और तेज बिजली कड़कने से माहौल और भयावह हो गया.

हालात ऐसे हो गए कि दिन में ही सड़कों पर चल रहे लोगों को अपने वाहनों की लाइट जलानी पड़ी.

शादी आयोजन में अफरा-तफरी का माहौल

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ ही मिनटों में मौसम पूरी तरह बदल गया, तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी चली और फिर बूंदाबांदी के बीच पत्थर गिरने लगे. कई जगहों पर तेज हवा के कारण शादी के टेंट और पंडाल हिलने लगे. कुछ जगहों पर टेंट उखड़ने तक की स्थिति बन गई, जिससे आयोजनों में अफरा-तफरी का माहौल दिखा.

सिद्धौर क्षेत्र के मंसूरपुरवा गांव में शादी कार्यक्रम की तैयारियां चल रही थीं कि अचानक मौसम ने करवट ले ली. आंधी के साथ बारिश और तेज बिजली कड़कने के बीच ओलावृष्टि शुरू हो गई, जिससे पूरे इंतजाम बिगड़ गए और लोगों को व्यवस्थाएं संभालने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.

आंधी-पानी के बाद भगदड़ जैसे हालात

वहीं कई गेस्ट हाउस में भी ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जहां दिन में ही अंधियारा छा गया और टेंट की लाइटें जलानी पड़ीं. इसी दौरान तेज आंधी-पानी और बिजली कड़कने लगी, जिससे पंडाल उखड़ गए. इस दौरान एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें शादी समारोह के बीच आंधी-पानी के बाद भगदड़ जैसे हालात नजर आ रहे हैं और लोग खुद को सुरक्षित स्थान पर ले जाने की कोशिश करते दिख रहे हैं.

शादी-विवाह का कार्यक्रम प्रभावित

स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले दो-तीन दिनों से मौसम का यही मिजाज बना हुआ है. कभी तेज धूप तो कभी आंधी-पानी, लेकिन सोमवार को आए इस बदलाव ने खासकर शादी वाले घरों की तैयारियों को प्रभावित कर दिया. तेज हवा और लगातार बिजली कड़कने से कार्यक्रमों को संभालना मुश्किल हो गया.

अगले कुछ दिन ऐसा ही बना रहेगा मौसम

हालांकि भीषण गर्मी के बीच इस मौसम ने कुछ राहत जरूर दी है, लेकिन शादी वाले घरों में यह राहत चिंता में बदलती नजर आई. फिलहाल मौसम के इस बदले रुख ने लोगों को सतर्क कर दिया है, क्योंकि कब आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और बिजली का दौर शुरू हो जाए, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल हो गया है. मौसम विभाग के अनुसार अगले एक-दो दिन ऐसे ही उतार-चढ़ाव बने रह सकते हैं.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: TV9 UP