Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
ब्रेक की जगह दबाया एक्सीलेटर, ड्राइविंग सीख रही महिला से बड़ा हादसा, 5 बच्चे घायल

ब्रेक की जगह दबाया एक्सीलेटर, ड्राइविंग सीख रही महिला से बड़ा हादसा, 5 बच्चे घायल

TV9 UP 1 week ago

त्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित एक हाउसिंग सोसायटी के बाहर बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ड्राइविंग सीख रही एक महिला से कथित तौर पर बड़ी चूक हो गई. पंचशील ग्रीन-2 सोसायटी के बाहर महिला ने कार चलाते समय ब्रेक की जगह गलती से एक्सीलेटर दबा दिया, जिससे अनियंत्रित कार स्कूल बस का इंतजार कर रहे पांच बच्चों को रौंदते हुए आगे बढ़ गई. हादसे में पांचों बच्चे घायल हो गए.

राहत की बात यह रही कि सभी बच्चों को मामूली चोटें आईं और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. घटना के बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों ने तत्काल दौड़कर बच्चों को बचाया और पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है.

कैसे हुआ हादसा?

यह हादसा बिसरख कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली पंचशील ग्रीन-2 सोसायटी के बाहर हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक महिला अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने के लिए कार लेकर निकली थी. बताया जा रहा है कि वह उसी दौरान ड्राइविंग की प्रैक्टिस भी कर रही थी. जैसे ही महिला सोसायटी के मुख्य गेट से बाहर निकली, कार का संतुलन बिगड़ गया. स्थानीय लोगों का आरोप है कि घबराहट में महिला ने ब्रेक लगाने के बजाय एक्सीलेटर दबा दिया.

पांच बच्चे कार की चपेट में आए

इसके बाद कार तेज गति से आगे बढ़ी और सबसे पहले सड़क किनारे खड़ी एक स्कूटी से टकराई. टक्कर के बावजूद कार नहीं रुकी और सीधे उस स्थान पर पहुंच गई, जहां कई बच्चे स्कूल बस का इंतजार कर रहे थे. अनियंत्रित कार ने स्कूल बस का इंतजार कर रहे पांच बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. बच्चों की चीख सुनकर सोसायटी के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकाला.

प्राथमिक उपचार के बाद मिली छुट्टी

सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस भी घटनास्थल पर पहुंच गई. सभी घायल बच्चों को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज किया. अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, हादसे में घायल हुए सभी बच्चों को मामूली चोटें आई थीं. प्राथमिक उपचार और स्वास्थ्य परीक्षण के बाद सभी बच्चों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. हालांकि, हादसे के बाद बच्चों और उनके परिजनों में दहशत का माहौल है.

महिला पर मौके से चले जाने का आरोप

सोसायटी के निवासियों का आरोप है कि हादसे के बाद महिला अपनी कार लेकर घटनास्थल से चली गई. कुछ स्थानीय लोगों का यह भी दावा है कि हादसे के समय महिला का ध्यान मोबाइल फोन पर था, लेकिन पुलिस का कहना है कि इस दावे की अभी पुष्टि नहीं हुई है और सभी तथ्यों की जांच की जा रही है. हादसे के बाद सोसायटी के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई. बच्चों के अभिभावक भी घटनास्थल पर पहुंच गए. गुस्साए लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए.

स्थानीय लोगों का कहना है कि हर सुबह बड़ी संख्या में बच्चे इसी स्थान पर स्कूल बस का इंतजार करते हैं, लेकिन वहां न तो ट्रैफिक नियंत्रण की कोई व्यवस्था है और न ही सुरक्षा कर्मियों की तैनाती होती है. घटना की सूचना मिलते ही बिसरख थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ले ली है. अब सीसीटीवी से ही हादसे का सच बाहर आएगा.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: TV9 UP