Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
झांसी-कानपुर हाईवे पर गैस रिसाव से मचा हड़कंप, LPG की अफवाह से 2 KM लंबा जाम

झांसी-कानपुर हाईवे पर गैस रिसाव से मचा हड़कंप, LPG की अफवाह से 2 KM लंबा जाम

TV9 UP 1 week ago

झांसी में सोमवार दोपहर झांसी-कानपुर हाईवे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलते टैंकर से अचानक गैस का रिसाव शुरू हो गया. गैस लीक होने की सूचना मिलते ही आसपास के इलाके में यह अफवाह फैल गई कि टैंकर से LPG का रिसाव हो रहा है, जिसके बाद लोगों में दहशत फैल गई और हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई. एहतियात के तौर पर फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया. दमकल कर्मियों ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए टैंकर पर लगातार पानी का छिड़काव किया और काफी मशक्कत के बाद आखिरकार गैस के रिसाव पर पूरी तरह काबू पा लिया गया.

टैंकर बिहार रिफाइनरी की ओर जा रहा था

प्रारंभिक जांच के बाद प्रशासन ने राहत की खबर देते हुए स्पष्ट किया कि टैंकर में एलपीजी नहीं, बल्कि नाइट्रोजन गैस भरी हुई थी. अधिकारियों के अनुसार, नाइट्रोजन गैस ज्वलनशील नहीं होती है, इसलिए किसी बड़े विस्फोट या आग लगने का खतरा नहीं था. बताया जा रहा है कि यह टैंकर बिहार रिफाइनरी की ओर जा रहा था, तभी रास्ते में यह तकनीकी खराबी आ गई.

सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने झांसी-कानपुर हाईवे की एक लेन को पूरी तरह से बंद कर दिया था. इस रूट डायवर्जन के चलते हाईवे पर करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया और सैकड़ों वाहन काफी देर तक फंसे रहे. इस भीषण जाम में सैकड़ों वाहन काफी देर तक फंसे रहे, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

पूरा मामला गोरामछिया गांव के पास का

यह पूरा मामला बड़ागांव थाना क्षेत्र के गोरामछिया गांव के पास का है. टैंकर से रिसाव पूरी तरह बंद होने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के बाद, टैंकर को आगे गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया. इसके बाद पुलिस ने बंद पड़ी दूसरी लाइन को भी यातायात के लिए खोल दिया, जिससे जाम धीरे-धीरे खुला और यातायात सामान्य हो सका.

रिपोर्ट- विवेक शर्मा, टीवी9, झांसी

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: TV9 UP