Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
नारियल को लेकर गैंगवार, पुलिस चौकी के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग, रिटायर्ड दरोगा के बेटे को लगी गोली

नारियल को लेकर गैंगवार, पुलिस चौकी के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग, रिटायर्ड दरोगा के बेटे को लगी गोली

TV9 UP 1 week ago

मुरादाबाद में नारियल का ठेला लगाने और उससे कलेक्शन को लेकर बवाल हो गया. दिल्ली रोड स्थित लाइन पार पुलिस चौकी के ठीक सामने सोमवार रात करीब पौने नौ बजे बदमाशों ने सरेआम गोलियां चला दीं.

इस हमले में पीएसी से रिटायर्ड दरोगा धनीराम के बेटे विवेक कुमार उर्फ सोनू के कंधे में गोली लग गई.

ऐसे शुरू हुआ था विवाद

गोली लगने से घायल विवेक के साथी आर्यन चौधरी और ऋषि कश्यप साथ में नारियल का व्यापार करते हैं. शहर में जगह-जगह ठेले पर नारियल बिकवाते हैं. सोमवार को तकरीबन 2 बजे आर्यन अपने एक साथी के साथ बुद्धि विहार स्थित गोल चक्का पर ठेले वालों से कलेक्शन करने गए थे. आरोप है कि इसी दौरान नारियल विक्रेता जिशान और उसके भाई ने आर्यन के साथ गए युवक पर चापड़ से हमला कर दिया. इस पर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई.

दोनों पक्ष में हो गया था समझौता, फिर भी कर दी फायरिंग

दोनों ही पक्षों ने लाइन पार पुलिस चौकी में तहरीर दी थी. इस दौरान जीशान के पक्ष से नारियल कारोबारी संतोष पंडित, अमन ठाकुर, वरुण ठाकुर, मिथुन और किशन पाल यादव आ गए. हालांकि, दोनों पक्षों के बीच लाइन पार पुलिस चौकी में समझौता हो गया था. लेकिन चौकी से बाहर निकलते ही महज कुछ दूरी पर जीशान पक्ष के वरुण ठाकुर, दीपक, अंकित, मनीष, संतोष और अमन ठाकुर ने आर्यन के पक्ष के विवेक को घेर लिया और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी थी.

गोली लगने से रिटायर्ड दरोगा का बेटा घायल

गोली चलने की घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी,गोली लगने से लहूलुहान हालत में पीड़ित को उसके दोस्तों ने जिला अस्पताल पहुंचाया था. यहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है. डॉक्टरों के अनुसार विवेक की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है. अब इस मामले में एसएसपी सतपाल अंतिल ने कर्तव्य में घोर लापरवाही बरतने के आरोप में चौकी इंचार्ज सौरभ सुमन सहित तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर विभागीय जांच के आदेश दे दिए हैं.

प्रत्यक्षदर्शियों और घायल के साथियों के मुताबिक,जब दोनों पक्षों के बीच पुलिस चौकी के भीतर बातचीत चल रही थी, तब भी माहौल काफी तनावपूर्ण था. पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझे बिना आनन-फानन में समझौता तो करा दिया था. लेकिन सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए थे. हद तो तब हो गई जब आरोप है कि पुलिस चौकी से कुछ दूर के सामने ही हमलावरों ने असलहे लहराते हुए गोलियां चलाईं.

सीसीटीवी की मदद से आरोपियों की तलाश तेज

वारदात को अंजाम देने के बाद बेखौफ बदमाश जुडियो शोरूम के सामने रुके और वहां भी दहशत फैलाने के लिए दो राउंड हवाई फायरिंग का आरोप भी है. इसके बाद वे कुंदन पेट्रोल पंप के रास्ते दिल्ली रोड की तरफ फरार हो गए थे, मामले की तफ्तीश में जुटी पुलिस की चार विशेष टीमें अब तक क्षेत्र के 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल चुकी हैं, जिससे हमलावरों के भागने के रूट का पता चला है. पुलिस ने बताया कि नामजद छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. इसमें से एक आरोपी को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: TV9 UP