Dailyhunt
प्रीपेड स्मार्ट मीटर का विरोध: आगरा में महिलाओं ने उखाड़कर फेंका, बोलीं- हमें लूटने की तैयारी

प्रीपेड स्मार्ट मीटर का विरोध: आगरा में महिलाओं ने उखाड़कर फेंका, बोलीं- हमें लूटने की तैयारी

TV9 UP 2 weeks ago

गरा के अकोला गांव में शुकवार को उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई जब स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची बिजली विभाग की टीम का ग्रामीणों ने उग्र विरोध किया. ग्रामीणों का गुस्सा इस कदर फूटा कि उन्होंने न केवल काम रुकवाया, बल्कि लगाए गए नए मीटरों को उखाड़कर फेंक दिया.

इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण एकजुट हो गए और नारेबाजी शुरू कर दी.

आक्रोशित ग्रामीणों ने विभाग द्वारा लगाए गए स्मार्ट मीटरों को पोल से उखाड़ दिया. ग्रामीणों का आरोप है कि स्मार्ट मीटर पुराने मीटरों के मुकाबले काफी तेज चलते हैं, जिससे उनका बिजली बिल दोगुना हो जाएगा. देखते-देखते सड़क पर स्मार्ट मीटरों का ढेर लग गया. भारी विरोध के चलते बिजली विभाग के कर्मचारियों को अपनी जान बचाकर मौके से बैरंग लौटना पड़ा.

‘स्मार्ट मीटर के नाम पर हमें लूटने की तैयारी’

विरोध प्रदर्शन में बढ़-चढ़कर महिलाओं ने भी भाग लिया. उनका कहना है, ‘हम गरीब लोग हैं, स्मार्ट मीटर के नाम पर बिजली कंपनियां हमें लूटने की तैयारी कर रही हैं.’ साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक पुराने मीटरों की व्यवस्था उनके घरों में बहाल नहीं होती, हम किसी भी नए उपकरण को गांव में नहीं लगने देंगे.

बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि वे ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन सरकारी काम में बाधा डालने और संपत्ति को नुकसान पहुंचाया जा रहा है. इसके लिए गांव वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है. फिलहाल, गांव में काम रोक दिया गया है और उच्च अधिकारियों को स्थिति से अवगत करा दिया गया है.

चोरी जनता ने पकड़ ली है… अखिलेश यादव

आगरा के अकोला गांव में प्रीपेड स्मार्ट मीटर को लेकर अभी भी स्थिति तनावपूर्ण है. गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए स्थानीय पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर है. शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल की तैनाती पर विचार किया जा रहा है. वहीं, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी इस घटना का वीडियो X पर साझा किया है.

सपा प्रमुख ने एक्स पोस्ट में बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए लिखा, ‘बीजेपी सरकार ने जनता को लूटने के लिए जो टेक्नोलॉजी का दुरुपयोग करके प्रीपेड मीटर के नाम पर बिजली में भ्रष्टाचार की लूट मचा रखी है. अब उनकी चोरी जनता ने पकड़ ली है. इस बार स्मार्ट मीटर तोड़ें जा रहे हैं अगली बार ईवीएम…’

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: TV9 UP