Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
राखी की थाली लेकर निकली थी यशी, तभी धंस गया आंगन; 22 फीट गहरे गड्ढे में समाई जिंदगी

राखी की थाली लेकर निकली थी यशी, तभी धंस गया आंगन; 22 फीट गहरे गड्ढे में समाई जिंदगी

TV9 UP 1 week ago

कानपुर में रक्षाबंधन के दिन एक दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं. महाराजपुर के पुरवामीर गांव में 18 साल की यशी सविता राखी की थाली लेकर आंगन में निकली थी. तभी अचानक आंगन की जमीन धंस गई और यशी करीब 22 फीट गहरे गड्ढे में गिर गई. उसे बाहर निकालने के लिए कई घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी.

हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम पसरा है.

मम्मी-पापा को बुलाने के लिए आंगन में पहुंची

यशी की बहन रिचा भी उस समय मौके पर थी. उसने बताया कि रक्षाबंधन को लेकर घर में तैयारियां चल रही थीं. परिवार के लोग त्योहार की तैयारी में जुटे थे. इसी दौरान यशी नहाकर आई और हाथ में पूजा की थाली लेकर अपने मम्मी-पापा को बुलाने के लिए आंगन में पहुंची. तभी अचानक जमीन धंस गई और वह गहरे गड्ढे में गिर गई.

उसने बताया कि यशी के नीचे गिरते ही उसने शोर मचाया. इसके बाद वह तुरंत मौके पर पहुंची और गड्ढे में रस्सी डालकर बहन को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन यशी काफी नीचे चली गई थी. परिजनों की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी पहुंचे. गांव में हड़कंप मचा. इसके बाद पुलिस भी पहुंची और फायर ब्रिगेड और NDRF की टीम को बुलाया गया.

आंगन में 3 साल पहले हुई थी बोरिंग की कोशिश

यशी को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू टीमों ने कई घंटे तक मशक्कत की. गड्ढे के अंदर मिट्टी लगातार खिसकने का खतरा बना हुआ था, इसलिए टीमों ने बेहद सावधानी से बचाव अभियान चलाया. आखिरकार काफी कोशिश के बाद यशी को गड्ढे से बाहर निकाल लिया गया. युवती को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

परिजनों के मुताबिक, करीब तीन साल पहले घर के आंगन में बोरिंग कराने की कोशिश की गई थी. वहां बोरिंग सफल नहीं हुई तो बाद में घर के दूसरे हिस्से में बोरिंग कराई गई थी. परिजनों को आशंका है कि पुरानी बोरिंग और पिछले दिनों हुई लगातार बारिश के कारण जमीन के नीचे का हिस्सा कमजोर हो गया होगा और अचानक धंस गई.

हालांकि जमीन धंसने की सही वजह अभी सामने नहीं आई है. पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहे हैं. रक्षाबंधन के दिन हुई यशी की मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई. जिस घर में त्योहार की खुशियां थीं, वहां कुछ ही देर में मातम पसर गया. फिलहाल पुलिस और प्रशासन हादसे की वजह की जांच में जुटे हैं.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: TV9 UP