Dailyhunt
शिल्पी हत्याकांड: हरदोई में पीड़ित परिवार से मिले अखिलेश यादव, CBI जांच की मांग

शिल्पी हत्याकांड: हरदोई में पीड़ित परिवार से मिले अखिलेश यादव, CBI जांच की मांग

TV9 UP 2 weeks ago

रदोई के मल्लावां क्षेत्र में शिल्पी कुशवाहा हत्याकांड को लेकर सियासत तेज हो गई है. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को गढ़ी रसूलपुर गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की.

इस दौरान उन्होंने परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी. साथ ही मामले की CBI जांच की मांग उठाते हुए कानून व्यवस्था पर सवाल किए.

अखिलेश यादव ने कहा कि ‘हरदोई की बेटी के साथ हुए अन्याय के बारे में सोचकर जितना दुख होता था, उसके पीड़ित परिवार और परिजनों से मिलकर उससे भी अधिक हुआ. सवाल ये है कि गरीब कब तक नाइंसाफी का शिकार होता रहेगा. वर्चस्ववादियों की सत्ता क्या सिर्फ और सिर्फ कमजोर पर प्रहार या अत्याचार करने के लिए बनी है?’

‘समय रहते कार्रवाई की होती, तो बच जाती जान’

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि अगर समय रहते पुलिस ने शिकायत पर कार्रवाई की होती, तो युवती की जान बच सकती थी. गौरतलब है कि शिल्पी कुशवाहा की हत्या ऋषभ द्विवेदी नामक युवक ने फावड़े से की थी. परिजनों का आरोप है कि पहले भी पुलिस से शिकायत की गई थी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, जिससे आरोपी के हौसले बढ़े.

हालांकि, पुलिस ने इस मामले को प्रेम प्रसंग और शक के आधार पर हुई हत्या बताया था. इस घटना के बाद कई राजनीतिक दलों के प्रतिनिधिमंडल भी गांव पहुंच चुके हैं. वहीं, अखिलेश यादव ने महिला हेल्प डेस्क और जनसुनवाई पोर्टल का जिक्र करते कहा कि ये अलग-अलग व्यवस्थाएं हैं, लेकिन जब 112 पर पीड़िता ने संतुष्टि जताई थी, तो उसकी हत्या कैसे हुई?

पत्र लिखकर भी CBI जांच की मांग करेंगे- अखिलेश

कन्नौज से सांसद अखिलेष यादव ने मांग की कि जिन अधिकारियों ने गलत फीडबैक दिया, उन्हें तत्काल बर्खास्त किया जाना चाहिए. साथ ही मामले की CBI जांच की मांग उठाते हुए उन्होंने कहा कि वह इस संबंध में पत्र लिखकर भी जांच की मांग करेंगे. साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार बनने पर परिवार को हरसंभव मदद दी जाएगी.

उन्होंने X पर लिखा, ‘सकारात्मक शक्ति वही है जिसमें किसी के रक्षण-पोषण का भाव हो, किसी के उत्पीड़न-शोषण का नहीं. संविधान की शक्ति और पीडीए की एकता में हम सबकी रक्षा करने की अपार शक्ति है. पीडीए अब और भी जुड़ेगा, अपनी लड़ाई ख़ुद लड़ेगा और जीतेगा भी. 'सामाजिक न्याय का राज' जब आएगा तब ही ये अत्याचार-अन्याय मिट पाएगा.’

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: TV9 UP