Dailyhunt
वाराणसी में 3 कुख्यात डकैत को यूपी STF ने दबोचा, झारखंड से 4 किलो सोना लूटकर हुए थे फरार

वाराणसी में 3 कुख्यात डकैत को यूपी STF ने दबोचा, झारखंड से 4 किलो सोना लूटकर हुए थे फरार

TV9 UP 2 weeks ago

वाराणसी में अंतर्राज्यीय सोना लूट गिरोह का सरगना समेत तीन कुख्यात डकैतों को गिरफ्तार किया गया है. यह गिरोह 24 अप्रैल को झारखंड में 4 किलो सोना लूटकर फरार हुआ था. यूपी STF और झारखंड पुलिस के संयुक्त अभियान में तीनों को दबोचा गया.

इस गिरोह ने पहले भी 36 किलो, 14 किलो और 26 किलो सोने की कई बड़ी लूटों को अंजाम दिया है.

‘किलो से मिलो’ ये इस अंतर्राज्यीय गिरोह का मूलमंत्र था. ये वहीं हाथ डालते थे जहां सोने की ज्वेलरी भारी मात्रा में मिले. 24 अप्रैल को ये गिरोह झारखंड में हजारी बाग के बरही के बैंक ऑफ महाराष्ट्र शाखा में असलहे के बल पर चार किलो सोना और लाखों रूपये लूटकर फरार हुए थे. झारखंड पुलिस को ये जानकारी मिली थी कि लुटेरे बनारस में कहीं पनाह लिए हैं.

2013 में गिरोह ने पश्चिम बंगाल से 36 किलो सोना लूटे

एसटीएफ बनारस यूनिट और झारखंड पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में सारनाथ से तीनों को गिरफ्तार किया. बिहार के नवादा का रहने वाला मोहम्मद अफजल इस गिरोह का सरगना था और पंकज सिंह जो की गोरखपुर का रहने वाला है और सौरभ यादव जो मऊ का रहने वाला है ये दोनों इस गिरोह से जुड़े हुए हैं, जो लूट की कई घटनाओं में शामिल रहे हैं.

यूपी एसटीएफ ने बताया कि 2013 में इस गिरोह ने 36 किलो सोना लूटा था. इस लूट में अफजल और पंकज को तीन-तीन किलो सोना मिला था. ये लूट पश्चिम बंगाल के मुथुट फाइनेंस बैंक से हुई थी. 15 मिनट में इस लूट को अंजाम दिया गया था. बाद में इस मामले में कई लोग गिरफ्तार हुए थे लेकिन गिरोह का सरगना अफजल और पंकज पकड़े नहीं गए थे.

सोना लूट कर पैसा रियल एस्टेट में करता था इन्वेस्ट

इस गिरोह ने 2015 में आईआईएफएल फाइनेंस कम्पनी से 14 किलो सोने की लूट लिए. इस मामले में भी अफजल और पंकज पकड़े नहीं गए. इसके बाद 2021 मन्नपुरम गोल्ड फाइनेंस कंपनी में 26 किलो सोने की लूट. लेकिन रास्ते में बैरिकेडिंग कर पुलिस चेकिंग की वजह से डकैतों ने गाड़ी और सोना बीच में ही छोड़कर फरार हो गए थे.

इनकी क्राइम कुंडली लंबी है, इस गिरोह ने साल 2021 में ही बिहार के गया में आशीर्वाद गोल्ड लोन कंपनी में दो किलो सोने की लूट की. इसके अगले साल, 2022 में इस गिरोह ने आईआईएफएल कंपनी पटना में 8 किलो सोने की लूट की थी. ये गिरोह सोना लूट कर इसका पैसा मकान-जमीन और रियल एस्टेट में इन्वेस्ट करता था. आरोपियों से पूछताछ जारी है.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: TV9 UP