संयुक्त राष्ट्र समर्थित पैन अमेरिकन स्वास्थ्य संगठन (PAHO) के आकलन के अनुसार, ला गुएरा, कराकस और मिरांडा में जाँच किए गए सभी आठ स्वास्थ्य केन्द्रों को तत्काल बाहरी सहायता की ज़रूरत है.
इनमें से तीन केन्द्रों की इमारतों को भी नुक़सान पहुँचा है.
Tweet URL
अधिकारियों के अनुसार, भूकम्पों में अब तक 2,295 लोगों की मौत हुई है और 11,267 लोग घायल हुए हैं. वहीं, 12,841 लोग विस्थापित हुए हैं या गम्भीर रूप से प्रभावित हैं.
मरीज़ों की भीड़
ला गुएरा के वर्गास-IVSS अस्पताल में आठ बिस्तरों वाले एक वार्ड में 96 मरीज़ भर्ती हैं. शवगृह पर भी भारी दबाव है और रक्त बैंक में केवल 35 यूनिट रक्त बचा है. बिजली नहीं होने के कारण ट्रॉमा इकाई के दोनों वेंटिलेटर बन्द हैं. मरीज़ों की जानकारी दर्ज करने के लिए फ़ोन या इंटरनेट की सुविधा भी उपलब्ध नहीं है.
अस्पताल में पानी, दिन में कई बार कनस्तरों में भरकर लाया जाता है, जबकि गलियारों में चिकित्सा कचरा जमा हो गया है. इमारत को कोई बड़ा ढाँचागत नुक़सान नहीं हुआ है, फिर भी गम्भीर हालात को देखते हुए PAHO ने वर्गास-IVSS अस्पताल को सहायता की सबसे पहली प्राथमिकता दी है.
ला गुएरा के रफ़ाएल मेदीना हिमेनेज़ अस्पताल में बिस्तरों की संख्या 108 से घटकर केवल 35 रह गई है. वहाँ मरीज़ों को लाने-ले-जाने में कठिनाई, चिकित्सा सामग्री की कमी, ऑपरेशन के लिए बढ़ती प्रतीक्षा और जैव-सुरक्षा से जुड़ी गम्भीर समस्याएँ भी सामने आई हैं.
राहतकर्मी भी प्रभावित
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के स्वास्थ्य आपात कार्यक्रम के प्रमुख इएन क्लार्क ने जिनीवा में पत्रकारों को बताया कि राहत कार्यों में जुटे अनेक लोग भी इस आपदा से प्रभावित हुए हैं.
उन्होंने कहा, "इन बेहद कठिन हालात में स्थानीय समुदाय और राष्ट्रीय व अन्तरराष्ट्रीय राहत दल असाधारण काम कर रहे हैं. राहत कार्यों में जुटे कई लोग स्वयं भूकम्प से प्रभावित हैं और उनके परिवार व मित्र भी इसकी चपेट में आए हैं."
उन्होंने बताया कि संकट से पहले ही वेनेज़ुएला की स्वास्थ्य व्यवस्था कमज़ोर थी. वर्षों के कम निवेश और आर्थिक संकट के कारण कई अस्पताल आवश्यक दवाओं की 37 प्रतिशत तक कमी से जूझ रहे थे.
उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में हज़ारों स्वास्थ्यकर्मी देश छोड़कर जा चुके हैं, हालाँकि उनकी सटीक संख्या उपलब्ध नहीं है.
© WHO/PAHO24 जून को देश में आए दो शक्तिशाली भूकम्पों के बाद, PAHO वेनेज़ुएला के स्वास्थ्य मंत्रालय को दी जा रही सहायता बढ़ा रहा है.बड़े पैमाने पर पहुँच रही चिकित्सा सहायता
PAHO ने ला गुएरा के क्षेत्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण को 2.18 टन दवाएँ और अन्य सामग्री पहुँचाई है. इनमें ट्रॉमा किट, इंजेक्शन वाली दवाएँ, सुरक्षा उपकरण और 320 शव बैग शामिल हैं. पनामा से चार टन अतिरिक्त सामग्री भी पहुँची है.
PAHO के अनुसार, ला गुएरा में 48 बिस्तरों वाला एक फ़ील्ड अस्पताल काम करने लगा है. इसमें चार गहन देखभाल कक्ष और दो ऑपरेशन कक्ष हैं. अन्य चिकित्सा दल भी वहाँ पहुँच रहे हैं.
WHO के महानिदेशक टैड्रॉस ऐडहेनॉम घेबरेयेसस ने बताया कि संगठन ने अपने आपात कोष से 15 लाख डॉलर जारी किए हैं. दुबई से 28 टन अतिरिक्त चिकित्सा सामग्री भी पहुँचने वाली है. PAHO और WHO ने अगले छह महीनों तक स्वास्थ्य सहायता जारी रखने के लिए लगभग 2.4 करोड़ डॉलर की अपील की है.
बढ़ता विस्थापन
संकट अब केवल ला गुएरा तक सीमित नहीं है. सुरक्षित स्थानों की तलाश में विस्थापित परिवार अन्य इलाक़ों की ओर जा रहे हैं. संयुक्त राष्ट्र मानवीय मामलों का कार्यालय ज़ूलिया, ताचिरा और अनज़ोआतेगी समेत आठ प्रान्तों में राहत प्रयासों का समन्वय कर रहा है.
ला गुएरा में होसे मारिया वर्गास परिसर और सेसर निएवेस व प्लाया ग्रांदे स्टेडियम समेत कई खेल स्थल स्वास्थ्य सेवाओं, भोजन, पानी और संरक्षण सहायता के केन्द्र बन गए हैं. संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी एजेंसी, UNHCR ने अगले छह महीनों में 30 हज़ार लोगों को आश्रय और आवश्यक सहायता देने के लिए एक करोड़ 48 लाख 50 हज़ार डॉलर की अपील की है.

