Gonda news: जिला पंचायत सभागार में आयोजित एक समारोह में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जनपद के 14 मेधावी छात्रों का सम्मान किया गया. इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
सम्मान समारोह में सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह, करनैलगंज विधायक अजय सिंह, जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन, मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे.
वक्ताओं ने मेधावी छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी सफलता पूरे जनपद के लिए गर्व का विषय है. उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर परिश्रम, अनुशासन और लगन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया और कहा कि शिक्षा ही जीवन में सफलता का सबसे सशक्त माध्यम है.
सम्मान प्राप्त करने वाले छात्रों और उनके अभिभावकों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी.कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने मेधावियों की उपलब्धियों की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

