Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
मथुरा में 3 साल से बैठा ये इंजीनियर साधु पढ़ी लिखी लड़कियों का ब्रेनवाश कर बनाता था संबंध, फोन में मिलीं कई अश्लील तस्वीरें

मथुरा में 3 साल से बैठा ये इंजीनियर साधु पढ़ी लिखी लड़कियों का ब्रेनवाश कर बनाता था संबंध, फोन में मिलीं कई अश्लील तस्वीरें

UP Tak 1 week ago

Mathura Fake Baba Arrested: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से अजीबो-गरीब मामला सामने आया है. गोवर्धन थाना पुलिस ने धर्म की आड़ में लड़कियों का ब्रेनवाश कर उनका यौन शोषण करने वाले एक शातिर फर्जी बाबा को गिरफ्तार किया है.

साधु का चोला ओढ़े इस आरोपी की पहचान अभिषेक मिश्रा उर्फ आदि कर्ता के रूप में हुई है. आरोपी मूल रूप से भुवनेश्वर का रहने वाला है और खुद एक मैकेनिकल इंजीनियर है. आरोपी पिछले 3 साल से गोवर्धन में रहकर ऑनलाइन माध्यम से पढ़ी-लिखी युवतियों को निशाना बना रहा था. पुलिस ने आरोपी के चंगुल से दो युवतियों और एक युवक को मुक्त कराया है. आरोपी के पास से भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई है जिसके बाद पुलिस विधिक कार्रवाई में जुट गई है.

अच्छे पैकेज का झांसा देकर बुनता था जाल

गिरफ्तार किया गया आरोपी अभिषेक मिश्रा कोई अनपढ़ अपराधी नहीं बल्कि तकनीकी रूप से बेहद चालाक है. वह सोशल मीडिया और ऑनलाइन माध्यमों पर भजन-कीर्तन मंडली बनाकर बीटेक और एमटेक पास उच्च शिक्षित युवतियों को अपने जाल में फंसाता था. आरोपी लड़कियों को अच्छे करियर पैकेज और आध्यात्मिक शांति का झांसा देकर गोवर्धन बुलाता था. यहां आने के बाद वह युवतियों का इस कदर मानसिक रूप से ब्रेनवाश कर देता था कि वे अपने घर-परिवार को भूलकर उसके समूह में शामिल हो जाती थीं. इसके बाद आरोपी गंधर्व विवाह के नाम पर उनके साथ जबरन संबंध बनाता और उनका शोषण करता था.

पुलिस प्रशासन के मुताबिक, आरोपी ने अब तक दर्जनभर से अधिक महिलाओं और युवतियों को अपनी हवस और ठगी का शिकार बनाया है. गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने आरोपी बाबा का मोबाइल फोन खंगाला तो उसमें से 25 से 30 अश्लील और आपत्तिजनक तस्वीरें बरामद हुईं. पुलिस इन तस्वीरों और आरोपी के डिजिटल फुटप्रिंट्स के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस घिनौने सिंडिकेट में क्या कुछ और लोग भी शामिल हैं.

उड़ीसा की पीड़िता की हिम्मत से हुआ भंडाफोड़

एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि इस पूरे काले साम्राज्य का पर्दाफाश तब हुआ जब उड़ीसा की रहने वाली एक पीड़ित युवती ने इस नरक से निकलकर हिम्मत जुटाई और आरोपी के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई.

सीओ गोवर्धन अनिल कुमार ने बताया कि पीड़िता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत जाल बिछाकर आरोपी अभिषेक मिश्रा को दबोच लिया. छापेमार कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बाबा के अवैध चंगुल से दो युवतियों और एक युवक को सकुशल छुड़ाया और उनके परिजनों से संपर्क कर उन्हें सुपुर्द कर दिया है. आरोपी के खिलाफ सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जा रहा है.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: UP Tak