Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
मेरे पति ने बच्चे को मरवाया है... फिरोजाबाद में डेढ़ महीने के आरव को जितेंद्र ने पटकर मार दिया था, मां की ये बातें रूला देंगी

मेरे पति ने बच्चे को मरवाया है... फिरोजाबाद में डेढ़ महीने के आरव को जितेंद्र ने पटकर मार दिया था, मां की ये बातें रूला देंगी

UP Tak 2 weeks ago

Firozabad Crime News: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के बामई गांव में शनिवार को डेढ़ साल के मासूम बच्चे की जमीन पर पटक-पटक कर की गई हत्या के बाद पूरे इलाके में कोहराम मचा हुआ है.

इस बीच यूपी Tak की टीम ने मृतक बच्चे की मां रति और नानी पिंकी देवी से उनके घर जाकर बातचीत की. गहरे सदमे में डूबी मां रति ने रोते हुए कहा कि उन्हें अब किसी और से कुछ नहीं कहना है वे सिर्फ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलना चाहती हैं. रति का कहना है कि उन्हें सिर्फ सीएम योगी पर ही भरोसा है. इस दौरान रति ने एक चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि हत्यारोपी विराज उर्फ जितेंद्र की तरफ से उन्हें केस रफा-दफा करने के लिए 21 लाख रुपये की मोटी रकम देने की लालच की जा रही है. लेकिन उन्हें पैसा नहीं बल्कि अपने बच्चे के हत्यारे के लिए सिर्फ और सिर्फ फांसी की सजा चाहिए.

गेट पर पटक कर बच्चे को मार डाला

'यूपी Tak' से बातचीत के दौरान पीड़ित मां रति ने बताया कि आरोपी जितेंद्र ने पहले उनसे अच्छे संबंध बना लिए थे और वह बच्चे को खिलाता भी था. शनिवार को वह बच्चे के पास आया और बोला 'आरव आओ, टॉफी दिलाएंगे.' मां ने बच्चे को मना भी किया लेकिन आरोपी उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया. रति ने रोते हुए बताया कि वह उसे बाहर ले गया और महज 30 सेकंड के भीतर 8 बार जमीन पर पटक-पटक कर गेट के पास ही उसकी बेरहमी से हत्या कर दी और फरार हो गया.

पति पर लगाया हत्या की साजिश रचने का गंभीर आरोप

यूपी Tak से बात करते हुए रति ने अपने ससुराल और पति सुमित पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं. रति ने बताया कि उसकी शादी बदायूं में हुई थी जहां ससुराल वाले और पति उसे बेल्ट से पीटते थे और प्रताड़ित करते थे.रति ने कहा 'मेरे पति ने ही यह सब करवाया है. उसने मुझसे बोला था कि तुम मुझे बच्चा नहीं दोगी तो मैं इसे मरवा दूंगा.' रति ने बताया कि आरोपी जितेंद्र ने केस लड़ने में मदद करने के बहाने उनसे संपर्क बढ़ाया था और बाद में शादी का दबाव भी बना रहा था. लेकिन उसने मना कर दिया था.

'मेरे लाल के हत्यारे की लाश मेरे सामने लाओ'

केस वापस लेने के लिए मिल रहे पैसों के लालच पर भड़कते हुए पीड़ित मां ने कहा 'वो बोल रहा है कि हमसे 20-21 लाख रुपये ले लो और हमें छोड़ दो. हमें पैसा नहीं चाहिए. उससे बोलो अपनी मां-भाई को मेरे सामने लाए. जैसे उसने मेरे लाल को मारा, वैसे ही उसे भी मारो. हमें आज की आज फांसी चाहिए. मेरे सामने उसकी लाश को लेटाओ, तभी कलेजे को तसल्ली मिलेगी.'

बच्चे की नानी ने की ये मांग

मृतक बच्चे की नानी पिंकी देवी ने बताया कि शादी के दो-तीन महीने बाद ही बदायूं में बेटी के साथ मारपीट होने लगी थी जिसके बाद वे उसे मायके ले आए थे. उन्होंने रोते हुए कहा 'हमें कानून और प्रशासन से कोई शिकायत नहीं है. उन्होंने पूरा सहयोग किया है. लेकिन हम दो-तीन महीने का लंबा इंतजार नहीं कर सकते. हमारी आंखों के सामने उस दरिंदे को सख्त से सख्त सजा देते हुए फांसी पर लटकाया जाए तभी हमें न्याय मिलेगा.'

बता दें कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी जितेंद्र पाठक को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है जहां उसके दोनों पैरों में गोली लगी है. इसके बावजूद पीड़ित परिवार कानून-व्यवस्था के सर्वोच्च स्तर यानी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर अपनी पूरी वेदना सुनाने की जिद पर अड़ा हुआ है.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: UP Tak