Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
Raebareli Kanwar Yatra 2026: कांवड़ यात्रा को लेकर रायबरेली पुलिस अलर्ट, इस दिन से बदल जाएगा रूट, चप्पे-चप्पे पर रहेगी पैनी नजर

Raebareli Kanwar Yatra 2026: कांवड़ यात्रा को लेकर रायबरेली पुलिस अलर्ट, इस दिन से बदल जाएगा रूट, चप्पे-चप्पे पर रहेगी पैनी नजर

UP Tak 1 week ago

Rarbareli Kanwar Yatra News: सावन माह में शुरू होने वाली पवित्र कांवड़ यात्रा और विभिन्न शिव मंदिरों में जलाभिषेक के लिए उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला व पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है.

28 जुलाई से शुरू हो रही कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा ढांचा और यातायात रोडमैप तैयार कर लिया है. यात्रा के सुचारू संचालन के लिए डलमऊ, गेगासो व गोकना घाट पर जल भरने के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर पुख्ता बैरिकेडिंग और ठहरने के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं. इसके साथ ही, कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाली मीट की दुकानों को यात्रा अवधि के दौरान पूरी तरह बंद रखने के सख्त निर्देश जारी किए गए हैं.

​गंगा तटों से जल भरकर पैदल बाराबंकी व अन्य पड़ोसी जनपदों के शिवालयों की ओर जाने वाले शिवभक्तों की सुविधा के लिए प्रशासन की ओर से विशेष तैयारियां की गई हैं. कांवड़ियों के मार्ग में जगह-जगह स्वागत और विश्राम की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है. रास्ते भर पैदल चलने वाले शिवभक्तों की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संबंधित थानों की पुलिस को सौंपी गई है. पुलिस की विशेष टीमें पूरे मार्ग पर लगातार भ्रमणशील रहेंगी. इसके अतिरिक्त, आपातकालीन सहायता के लिए डायल-112 पुलिस के साथ हल्का दरोगा व सिपाही चौबीसों घंटे तैनात रहेंगे. रात्रि के समय कांवड़ियों के ठहरने वाले स्थानों पर सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए हैं.

​मार्ग पर भारी वाहनों के आवागमन पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध

कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन की योजना लागू की जाएगी. इसके तहत प्रत्येक शनिवार दोपहर 12 बजे से लेकर सोमवार देर रात तक मुख्य मार्गों पर भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा. इस संबंध में संबंधित थानों की पुलिस को पहले ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं. फतेहपुर की ओर से आने वाले भारी वाहन और भदोखर से प्रतापगढ़ की ओर जाने वाले वाहनों के साथ-साथ गेगासो व बांदा-बहराइच मार्ग पर तीन दिनों तक भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो.

​इन प्रमुख धार्मिक स्थलों पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर

​प्रशासन ने जिले के चार अत्यंत महत्वपूर्ण मंदिरों को चिन्हित किया है, जहां सावन माह में लाखों की संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक करते हैं. इनमें लालगंज क्षेत्र का बालेश्वर मंदिर, बछरावां का भवरेश्वर मंदिर, शहर का जगमोहनेश्वर मंदिर और ऊंचाहार का गौरीशंकर मंदिर शामिल हैं. इन सभी परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के साथ-साथ हाई-डेफिनिशन सीसीटीवी कैमरों से चप्पे-चप्पे पर पैनी नजर रखी जाएगी.

​कड़ा संदेश: लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं - एसपी

​एसपी रवि कुमार ने बताया कि सावन माह व पवित्र कांवड़ यात्रा को देखते हुए गंगा घाटों और कांवड़ियों के आवागमन वाले मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक और कड़े इंतजाम किए गए हैं. संपूर्ण कांवड़ मार्ग पर पुलिस की पीकेट, मोबाइल गश्त और संबंधित थानों की पुलिस लगातार भ्रमणशील रहकर स्थिति पर नजर रखेगी. ड्यूटी में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही पाए जाने पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: UP Tak