Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
टनकपुर-पीलीभीत का शाहजहांपुर तक विस्तार, 2 नई ट्रेनों को भी हरी झंडी; यूपी समेत 5 राज्यों को मिलेगा सीधा फायदा

टनकपुर-पीलीभीत का शाहजहांपुर तक विस्तार, 2 नई ट्रेनों को भी हरी झंडी; यूपी समेत 5 राज्यों को मिलेगा सीधा फायदा

UP Tak 2 weeks ago

UP Train News: भारतीय रेलवे ने देश के पांच बड़े राज्यों उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए पहल की है. सोमवार को टनकपुर, नांदेड़ और पीलीभीत स्टेशनों से तीन ट्रेनों के संचालन और विस्तार को हरी झंडी दिखाई गई.

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस समेत कई दिग्गज नेताओं ने इस भव्य समारोह में हिस्सा लिया.

इस नई शुरुआत के तहत टनकपुर-नांदेड़ एक्सप्रेस, नांदेड़-मुंबई एक्सप्रेस और टनकपुर-पीलीभीत ट्रेन सेवा का शाहजहांपुर तक विस्तार किया गया है. रेलवे की इस सौगात से न सिर्फ पर्यटन को नई उड़ान मिलेगी, बल्कि उत्तर और दक्षिण भारत के बीच आस्था और संस्कृति का एक अनूठा संगम भी देखने को मिलेगा.

इन 3 ट्रेन सेवाओं की हुई शुरुआत

  1. टनकपुर-नांदेड़ एक्सप्रेस (Tanakpur-Nanded Express): यह नई ट्रेन सेवा उत्तराखंड के टनकपुर से महाराष्ट्र के नांदेड़ (हजूर साहिब) के बीच सीधी कनेक्टिविटी देगी.
  2. नांदेड़-मुंबई एक्सप्रेस (Nanded-Mumbai Express): मुंबई से पवित्र नगरी नांदेड़ जाने वाले यात्रियों के लिए इस अतिरिक्त एक्सप्रेस ट्रेन सेवा की शुरुआत की गई है.
  3. टनकपुर-पीलीभीत ट्रेन सेवा का शाहजहांपुर तक विस्तार (Tanakpur-Pilibhit Extension): पहले यह ट्रेन सिर्फ टनकपुर से पीलीभीत के बीच चलती थी, अब इसका रूट बढ़ाकर इसे उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर तक कर दिया गया है.

आस्था और पर्यटन को जोड़ेगा नया रेल मार्ग

यह नई ट्रेन सेवा सिर्फ सफर का जरिया नहीं, बल्कि आस्था का एक बड़ा सेतु है. रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह ने कहा,

"यहां पर गुरु नानकदेव जी और गुरु हरगोविंद सिंह जी आए थे. अब यहां के लोग सीधे 10वें गुरु, गुरु गोविंद सिंह जी की पवित्र धरती नांदेड़ पहुंच सकेंगे. इस ट्रेन के चलने से सिख श्रद्धालुओं की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी हुई है."

टनकपुर कुमाऊं क्षेत्र का प्रवेश द्वार है, जहां से लोग पूर्णागिरि मंदिर और आदिकैलाश जाते हैं. अब महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के श्रद्धालु बेहद आसानी से देवभूमि उत्तराखंड आ सकेंगे.

- पुष्कर सिंह धामी, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री

वहीं, केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने उम्मीद जताई कि पीलीभीत टाइगर रिजर्व आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा.

अगले साल दौड़ेगी बुलेट ट्रेन

समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भारतीय रेलवे में हो रहे बड़े बदलावों का लेखा-जोखा पेश किया. उन्होंने बताया कि देश में 99.6 प्रतिशत रेल नेटवर्क का विद्युतीकरण हो चुका है और बुलेट ट्रेन परियोजना पर काम बेहद तेज गति से चल रहा है, जिसे अगले साल (2027) चालू कर दिया जाएगा.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: UP Tak