Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
AI नहीं... इस वजह से 4800 लोगों की जाएगी माइक्रोसॉफ्ट में नौकरी, इन बिजनेस पर पड़ेगा सबसे ज्यादा असर

AI नहीं... इस वजह से 4800 लोगों की जाएगी माइक्रोसॉफ्ट में नौकरी, इन बिजनेस पर पड़ेगा सबसे ज्यादा असर

Upstox Hindi 1 week ago

दिग्गज टेक्नोलॉजी कंपनी माइक्रोसॉफ्ट से नौकरियों को लेकर एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। कंपनी ने सोमवार को अपने ग्लोबल वर्कफोर्स में से करीब 4,800 कर्मचारियों की छंटनी करने की घोषणा की है।

यह कटौती कंपनी के कुल कर्मचारियों की संख्या का लगभग 2.1 पर्सेंट है। माइक्रोसॉफ्ट ने यह कदम अपने नए फाइनेंशियल ईयर की शुरुआत में उठाया है, जो कि कंपनी के लिए पारंपरिक रूप से वर्कफोर्स रिस्ट्रक्चरिंग यानी कामकाज के ढांचे में बदलाव का समय माना जाता है। इस बड़े फैसले के बाद टेक इंडस्ट्री में एक बार फिर नौकरियों को लेकर चिंता बढ़ गई है।

नए फाइनेंशियल ईयर में बड़ा बदलाव

माइक्रोसॉफ्ट के लिए नए फाइनेंशियल ईयर की शुरुआत में इस तरह के फैसले लेना नया नहीं है। पिछले साल भी कंपनी ने मई महीने में 6,000 नौकरियां खत्म की थीं और इसके बाद जुलाई में 9,000 और पदों को समाप्त किया था। इस ताजा छंटनी के एलान से पहले माइक्रोसॉफ्ट में दुनिया भर में 2,20,000 से अधिक लोग काम कर रहे थे। कंपनी की चीफ ह्यूमन रिसोर्सेज ऑफिसर एमी कोलमैन ने कर्मचारियों को भेजे एक ईमेल में इस फैसले की वजह साफ की है। उन्होंने कहा कि कंपनी अपने लोगों, निवेश और पूरी ऊर्जा को उन प्राथमिकताओं पर फोकस कर रही है, जो माइक्रोसॉफ्ट को तेजी से बदलती इंडस्ट्री में ग्राहकों की उम्मीदों पर खरा उतरने में मदद करेंगी। उन्होंने यह भी माना कि जिन कर्मचारियों पर इसका असर पड़ा है, उनका कंपनी में बहुत बड़ा योगदान रहा है।

प्रभावित कर्मचारियों को मिलेगा सहारा

कंपनी की ओर से कहा गया है कि वह नौकरी से निकाले जाने वाले कर्मचारियों को इस मुश्किल समय से निकलने के लिए फाइनेंशियल सपोर्ट और अन्य जरूरी संसाधन देगी। एमी कोलमैन ने बताया कि कंपनी ने कर्मचारियों को दूसरी जगहों पर शिफ्ट करके नौकरियों के नुकसान को कम करने की पूरी कोशिश की है। पिछले एक साल के दौरान माइक्रोसॉफ्ट ने 4,000 से अधिक कर्मचारियों को नए रोल्स में ट्रांसफर किया है, जिनमें से 500 कर्मचारियों को इसी महीने शिफ्ट किया गया है। इसके अलावा, कंपनी चार गेमिंग स्टूडियो को नए मैनेजमेंट के तहत स्वतंत्र रूप से काम करने के लिए ट्रांसफर करेगी। साथ ही, कंपनी के हालिया वॉलंटरी रिटायरमेंट प्रोग्राम का लाभ उठाने के लिए 30 पर्सेंट से अधिक एलिजिबल कर्मचारियों ने खुद आगे बढ़कर सहमति जताई है।

AI नहीं है छंटनी की वजह

टेक वर्ल्ड में चर्चा है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई के आने से नौकरियां जा रही हैं, लेकिन कोलमैन ने इस बात को पूरी तरह खारिज कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन रोल्स को आज खत्म किया गया है, उनकी जगह एआई को नहीं लाया जा रहा है। हालांकि, उन्होंने यह जरूर माना कि एआई के कारण काम करने का तरीका बदल रहा है। हमारे रोजमर्रा के कुछ काम अब ऑटोमेशन के जरिए किए जा सकते हैं, जिसका मतलब है कि हम सभी को लगातार सीखते रहना होगा, नए स्किल्स डेवलप करने होंगे और काम के बदलते स्वरूप के साथ खुद को ढालना होगा।

इन बिजनेस पर पड़ेगा सबसे ज्यादा असर

माइक्रोसॉफ्ट के मुताबिक, इस रिस्ट्रक्चरिंग का सबसे ज्यादा असर कंपनी के कॉमर्शियल और एक्सबॉक्स बिजनेस पर पड़ने वाला है। कंपनी की हाल ही में घोषित 'फ्रंटियर कंपनी' पहल के बाद कॉमर्शियल डिवीजन को फिर से रीऑर्गेनाइज किया जा रहा है, जबकि एक्सबॉक्स बिजनेस को लॉन्ग टर्म ग्रोथ के लिए तैयार किया जा रहा है। इसके साथ ही, कंपनी की इंजीनियरिंग टीमें भी ग्राहकों की जरूरतों को पूरा करने के लिए अपने स्ट्रक्चर और प्राथमिकताओं में बदलाव करना जारी रखेंगी। कोलमैन ने संकेत दिया कि आने वाले समय में कंपनी के अन्य हिस्सों में भी इस तरह के संगठनात्मक बदलाव देखने को मिल सकते हैं, क्योंकि कंपनी लगातार टेक्नोलॉजी और कस्टमर डिमांड के हिसाब से खुद को ढाल रही है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Upstox Hindi