Dailyhunt
FY27 का पहला IPO 9 अप्रैल को खुलेगा सब्सक्रिप्शन के लिए, पैसा लगाने का है प्लान, तो चेक करें सारी डीटेल्स यहां

FY27 का पहला IPO 9 अप्रैल को खुलेगा सब्सक्रिप्शन के लिए, पैसा लगाने का है प्लान, तो चेक करें सारी डीटेल्स यहां

Upstox Hindi 1 week ago

फाइनेंशियल ईयर 2026-27 यानी कि FY27 की शुरुआत 1 अप्रैल से हो चुकी है। FY27 का पहला मेनबोर्ड आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 9 अप्रैल से खुलेगा। ओम पावर ट्रांसमिशन का आईपीओ 150.06 करोड़ रुपये का बुक बिल्ड इश्यू है।

इसमें फ्रेश शेयरों के साथ-साथ ऑफर फॉर सेल (OFS) कंपोनेंट भी शामिल है। 76 लाख शेयरों का फ्रेश इश्यू है, जिसकी कीमत 132.56 करोड़ रुपये है, जबकि 10 लाख शेयरों का ऑफर फॉर सेल है, जिसकी वैल्यू 17.50 करोड़ रुपये है। अगर आपने भी इस आईपीओ में पैसा लगाने का प्लान बनाया है, तो चलिए एक नजर डालते हैं, इसकी डीटेल्स पर और समझते हैं कि कंपनी का बिजनेस क्या है?

Om Power Transmission IPO से जुड़ी अहम तारीखें

ओम पावर ट्रांसमिशन आईपीओ का सब्सक्रिप्शन विंडो 9 अप्रैल को खुल रहा है और बोली लगाने की आखिरी तारीख 13 अप्रैल होगी। शेयरों का अलॉटमेंट 15 अप्रैल को फाइनलाइज किया जाना तय किया गया है, जबकि ओम पावर ट्रांसमिशन लिमिटेड के शेयर एनएसई और बीएसई दोनों पर लिस्ट होंगे। लिस्टिंग की संभावित तारीख 17 अप्रैल तय की गई है।

Om Power Transmission IPO का प्राइस बैंड और लॉट साइज

ओम पावर ट्रांसमिशन आईपीओ का इश्यू प्राइस बैंड 166 से 175 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। अप्लाई करने के लिए लॉट साइज 85 शेयर है। व्यक्तिगत निवेशक (रिटेल) के लिए जरूरी मिनिमम इन्वेस्टमेंट 14,875 रुपये (85 शेयर) है। sNII के लिए निवेश की लॉट साइज 14 लॉट (1,190 शेयर) है, जिसकी वैल्यू 2,08,250 रुपये है, और bNII के लिए यह 68 लॉट (5,780 शेयर) है, जिसकी कीमत 10,11,500 रुपये है। बीलाइन कैपिटल एडवाइजर्स प्राइवेट लिमिटेड बुक रनिंग लीड मैनेजर है और एमयूएफजी इनटाइम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड इश्यू का रजिस्ट्रार है।

Om Power Transmission Ltd. के बारे में

जून 2011 में स्थापित ओम पावर ट्रांसमिशन लिमिटेड, 14 सालों से अधिक के एक्सपीरियंस वाली एक विद्युत पारेषण अवसंरचना इंजीनियरिंग, खरीद और निर्माण (ईपीसी) कंपनी है। कंपनी की विशेषज्ञता हाइ वोल्टेज (एचवी) और एक्स्ट्रा-हाइ वोल्टेज (ईएचवी) ट्रांसमिशन लाइनों, सबस्टेशनों और अंडरग्राउंड केबलिंग प्रोजेक्ट्स के एग्जिक्यूशन में है, जिन्हें टर्नकी आधार पर पूरा किया जाता है। इनमें डिजाइन, इंजीनियरिंग, सप्लाई, निर्माण, स्थापना, परीक्षण, कमीशनिंग और व्यापक संचालन और रखरखाव (ओ एंड एम) सर्विसेज शामिल हैं। कंपनी आईएसओ 9001:2015, आईएसओ 45001:2018 और आईएसओ 14001:2015 प्रमाणित है। 31 दिसंबर, 2025 तक, कंपनी के पास 74,460.27 लाख रुपये के 58 प्रोजेक्ट्स थे, जिनमें 51 ईपीसी प्रोजेक्ट्स् और 7 ओ एंड एम अनुबंध शामिल थे। 31 दिसंबर 2025 तक, कंपनी 124 सबस्टेशनों का संचालन और रखरखाव कर रही थी। 31 दिसंबर 2025 तक, कंपनी में 1,164 स्थाई कर्मचारी थे।

आईपीओ से जुटाए फंड का कैसे इस्तेमाल करेगी कंपनी?

कंपनी मशीनरी और उपकरण की खरीद के लिए कैपिटल खर्च जरूरतों की फाइनेंसिंग के लिए 11.21 करोड़ रुपये, लिए गए कुछ बकाया कर्जों का आंशिक या पूर्ण पूर्व-भुगतान/पुनर्भुगतान के लिए 25 करोड़ रुपये और लॉन्ग-टर्म कार्यशील पूंजी जरूरतों की फंडिंग के लिए 55 करोड़ रुपये का इस्तेमाल करेगी, जबकि सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए भी कुछ फंड का इस्तेमाल किया जाएगा।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Upstox Hindi