ITR Filing 2026: वित्त वर्ष 2025-26 के लिए इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) दाखिल करने की तैयारी शुरू हो चुकी है। समय पर और सही तरीके से ITR भरने के लिए जरूरी है कि सभी आवश्यक दस्तावेज पहले से तैयार रखें।
इससे आखिरी समय की परेशानियों से बचा जा सकता है। यहां सभी डॉक्यूमेंट्स की पूरी जानकारी दी गई है।
ये डॉक्यूमेंट्स हैं जरूरी
ITR भरने से पहले अपना PAN और Aadhaar तैयार रखें और यह सुनिश्चित करें कि दोनों आपस में लिंक हों। साथ ही मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और वर्तमान पता जैसी व्यक्तिगत जानकारी भी अपडेट होनी चाहिए, क्योंकि रिटर्न सत्यापन के दौरान OTP और अन्य जरूरी सूचनाएं इन्हीं माध्यमों से भेजी जाती हैं।
इसके अलावा Form 26AS और Annual Information Statement (AIS) की जांच करना भी जरूरी है। Form 26AS में आपके नाम पर कटे हुए टैक्स और जमा किए गए टैक्स का रिकॉर्ड होता है, जबकि AIS में ब्याज आय, शेयरों में निवेश और अन्य वित्तीय लेन-देन की जानकारी मिलती है। रिटर्न दाखिल करने से पहले इन दोनों दस्तावेजों का अपने रिकॉर्ड से मिलान कर लेना चाहिए।
नौकरीपेशा लोगों के लिए Form 16 (अब Form 130) सबसे महत्वपूर्ण दस्तावेजों में से एक है। इसमें सालभर की सैलरी, TDS, टैक्स छूट और कटौतियों की पूरी जानकारी होती है, जिससे रिटर्न भरना आसान हो जाता है।
यदि आप पुरानी कर व्यवस्था (Old Tax Regime) के तहत कटौतियों का दावा कर रहे हैं, तो जीवन बीमा प्रीमियम, PPF, सुकन्या समृद्धि योजना, ELSS और अन्य योग्य निवेशों के प्रमाण अपने पास रखें। ये दस्तावेज टैक्स बचत के दावों को सही साबित करने में मदद करते हैं।
बचत खाते, फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) या अन्य जमा योजनाओं से मिलने वाले ब्याज की सही जानकारी देने के लिए बैंक स्टेटमेंट और इंटरेस्ट सर्टिफिकेट भी तैयार रखें। इससे ब्याज आय की सही रिपोर्टिंग हो सकेगी।
जो लोग HRA (House Rent Allowance) छूट का लाभ लेना चाहते हैं, उन्हें किराए की रसीदें और वैध रेंट एग्रीमेंट तैयार रखना चाहिए। यदि सालाना किराया ₹1 लाख से अधिक है, तो मकान मालिक का PAN और अन्य विवरण भी देना पड़ सकता है।
वहीं, जिन लोगों ने शेयर, म्यूचुअल फंड, सोना, प्रॉपर्टी या अन्य पूंजीगत संपत्तियों में निवेश किया है, उन्हें खरीद-बिक्री और भुगतान से जुड़े सभी रिकॉर्ड संभालकर रखने चाहिए। साथ ही पिछले साल का ITR भी अपने पास रखें, क्योंकि इससे पुराने नुकसान को आगे ले जाने और पहले किए गए खुलासों का मिलान करने में मदद मिलती है।

