Stock Market: भारतीय शेयर बाजार में आज 19 मई को तेजी नजर आ रही है। आज के कारोबार में BSE Sensex में करीब 425 अंकों की बढ़त रही और यह 75,741.84 के स्तर पर पहुंच गया। दूसरी तरफ Nifty 50 भी करीब 120 अंक बढ़कर 23768.95 के लेवल पर पहुंच गया।
हालांकि बाद में हल्की प्रॉफिट बुकिंग भी दिखी। बाजार में आज की तेजी के लिए कई फैक्टर्स जिम्मेदार हैं। जियो पॉलिटिकल टेंशन में कमी की उम्मीद बनी हुई है। वहीं, विदेशी निवेशकों ने भी खरीदारी शुरू की है।
जियो पॉलिटिकल टेंशन कम होने की उम्मीद
अमेरिकी डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि खाड़ी देशों के नेताओं के अनुरोध पर ईरान पर होने वाले एक बड़े सैन्य हमले को फिलहाल टाल दिया है। यह हमला मंगलवार, 19 मई 2026 को होना तय था, लेकिन फिलहाल इस फैसले को रोक दिया गया। युद्ध का खतरा फिलहाल टलने की वजह से निवेशकों का डर कम हुआ है। अमेरिका ईरान पर लगातार समझौते के लिए दबाव बना रहा है, लेकिन कुछ मुद्दों पर दोनों देशों के बीच सहमति नहीं बन पा रही है।
कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट
आज 19 मई को कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट नजर आ रही है। ब्रेंट क्रूड ऑयल का भाव 2.11 फीसदी लुढ़ककर 109.73 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया है। भारत अपनी ज्यादातर तेल जरूरतों के लिए आयात पर निर्भर है। ऐसे में कच्चे तेल का भाव बढ़ना भारत के नजरिए से अच्छा नहीं है।
FII की खरीदारी
विदेशी निवेशकों (FII) ने पिछले कुछ समय में भारतीय बाजार में दिलचस्पी दिखाई है। FII ने सोमवार को 2,813.69 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। यह लगातार तीसरा कारोबारी दिन है जब FII ने निवेश किया है। इसके पहले पिछले शुक्रवार को FII ने 1,329.17 करोड़ रुपये और गुरुवार को 187.46 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे।
IT शेयरों में उछाल
IT शेयरों में पिछले कुछ कारोबारी दिनों से लगातार खरीदारी का माहौल है। निफ्टी IT इंडेक्स आज 4 फीसदी से ज्यादा उछल गया है। पिछले 5 दिनों में इसमें 6 फीसदी से ज्यादा की तेजी आ चुकी है। आज सबसे ज्यादा खरीदारी Coforge और OFSS में है और ये 6 फीसदी से ज्यादा उछल गए हैं। इसके अलावा Tech Mahindra, Mphasis और LTM में करीब 5 फीसदी की बढ़त है। Infosys, TCS, Wipro और HCL Tech में भी 2 से 4 फीसदी तक की रैली है।
(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

