Stock Market: भारतीय शेयर बाजार में आज 20 मई को भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। हालांकि अंत में बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ। आज के कारोबार में BSE Sensex में 117.54 अंकों की तेजी रही और यह 75318.39 के स्तर पर पहुंच गया।
दूसरी तरफ Nifty 50 भी 41 अंक बढ़कर 23,659 के लेवल पर बंद हुआ है। हालांकि शुरुआती कारोबार में बाजार में बिकवाली का दबाव था। Sensex एक समय पर 670 अंक टूटकर 74,529.41 के स्तर पर आ गया था। लेकिन बाद में बाजार ने न सिर्फ इस गिरावट की भरपाई की बल्कि हरे निशान पर भी चला गया।
RIL, Bajaj Finserv में दिखी खरीदारी
आज के कारोबार में Sensex के 30 में से ज्यादातर शेयर हरे निशान पर बंद हुए हैं। सबसे ज्यादा खरीदारी RIL, Bajaj Finserv, M&M, NTPC और Axis Bank जैसे शेयरों में देखी गई। दूसरी तरफ BEL, Tech Mahindra, Eternal, Tata Steel और HUL जैसे शेयर टॉप लूजर्स रहे।
आज NSE पर मिड और स्मॉलकैप शेयरों में हल्की खरीदारी देखी गई। इसके चलते निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 0.53 फीसदी तक बढ़ गया। वहीं निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स में भी 0.07 फीसदी की मामूली तेजी रही।
इन सेक्टर्स में हरियाली
सेक्टर वाइज परफॉर्मेंस की बात करें तो आज इसका प्रदर्शन भी मिला-जुला रहा। निफ्टी ऑयल एंड गैस इंडेक्स सबसे ज्यादा 1.60 फीसदी उछल गया। इसके अलावा निफ्टी ऑटो, मेटल, PSU बैंक, प्राइवेट बैंक, रियल्टी और हेल्थकेयर इंडेक्स में भी तेजी रही लेकिन कोई भी इंडेक्स 1 फीसदी से ज्यादा नहीं बढ़ सका। दूसरी तरफ निफ्टी मीडिया में सबसे ज्यादा 1.43 फीसदी की कमजोरी रही। निफ्टी FMCG, IT, फार्मा और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स इंडेक्स में भी गिरावट देखने को मिली है।
बाजार में रिकवरी की क्या है वजहें
शेयर बाजार में आज की रिकवरी के लिए कई फैक्टर्स जिम्मेदार रहे। बाजार में पहले ही काफी गिरावट आ चुकी है, ऐसे में रिकवरी के पीछे वैल्यू बाइंग एक अहम वजह हो सकती है। इसके अलावा अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने की उम्मीदों ने भी सेंटीमेंट बेहतर किया है। ब्रेंट क्रूड की कीमतें $110 प्रति बैरल से नीचे गिरकर $109.77 पर आ गईं, जो 2.51 फीसदी की गिरावट है।
(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

