हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की गोलियों से भूनकर हुई निर्मम हत्या के बाद से ही उनके परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पत्नी सीमा, जो कि दिल्ली में एक सरकारी शिक्षिका हैं, का एक बेहद भावुक और दर्दनाक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
इस वीडियो में वह यूपी शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल खड़े करती नजर आ रही हैं।
सीमा ने रोते हुए कहा कि मेरे पति की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिससे मेरी तो पूरी दुनिया ही उजड़ चुकी है। मुझे सांस लेने में भी तकलीफ हो रही है और मैं पूरी तरह से दवाओं के सहारे जीवित हूं।
इसके साथ ही उन्होंने पुलिस-प्रशासन को कड़ा अल्टीमेटम दिया है। सीमा ने चेतावनी दी है कि यदि अगले एक-दो दिनों के भीतर पुलिस ने अंकित की हत्या करने वाले बदमाशों का एनकाउंटर नहीं किया, तो वह स्वयं मुख्यमंत्री आवास के पास पहुंचकर आत्महत्या कर लेंगी।
पत्नी का दर्द, बोलीं- ‘मेरी तो दुनिया खत्म हो गई, दवाओं के सहारे चल रही हैं सांसें’
शुक्रवार को इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियो में अंकित की पत्नी सीमा कह रही हैं कि फिलहाल अंकित का किसी से कोई सीधा विवाद नहीं चल रहा था। हां, साल 2023 में दो बार फोन पर धमकियां जरूर आई थीं। अंकित मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे, इस वजह से हरियाणा में उन्हें थोड़ा अलग-थलग (कॉर्नर) करके रखा गया था। फिलहाल उन्हें हरियाणा की तरफ से किसी तरह का कोई सपोर्ट नहीं मिल रहा है और न ही अभी तक वहां से किसी का कोई फोन आया है।
साल 2023 में मिली थी फोन पर धमकी
सीमा ने बताया कि बुधवार शाम साढ़े चार बजे उनकी अंकित से अंतिम बार फोन पर बात हुई थी। तब अंकित ने बताया था कि वह किसी नए गाने पर काम कर रहे हैं। उस समय स्थिति पूरी तरह सामान्य थी और अंकित किसी भी तरह के तनाव में नहीं थे। सीमा ने तंज कसते हुए कहा कि सरकार दावा करती है कि यूपी में अपराध खत्म हो गया है, लेकिन हकीकत यह है कि चार लोग आते हैं और शाम ढलते ही हत्या करके चले जाते हैं। हमारा कोई बच्चा भी नहीं है, हमारा तो सबकुछ तबाह हो गया।
सीमा ने उठाए पुलिस की सुरक्षा पर गंभीर सवाल
अंकित की पत्नी ने पुलिस सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए कहा कि मैं दिल्ली में सरकारी शिक्षिका हूं, फिर भी मुझे सुरक्षा का अहसास कैसे हो? मेरे पति की क्या गलती थी और अब मैं किस सहारे जीऊं? घटना के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी प्रशासन की तरफ से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला है। उन्होंने सवाल उठाया कि हरियाणा से आए बदमाश हथियारों के साथ शामली की सीमा में कैसे दाखिल हो गए? हरियाणा बॉर्डर से लेकर पूरे जिले की पुलिस उस वक्त आखिर क्या कर रही थी? उन्होंने आरोपियों के तुरंत एनकाउंटर की मांग दोहराते हुए फिर चेतावनी दी कि अगर दो दिन में एनकाउंटर नहीं हुआ तो वह सीएम ऑफिस के बाहर जाकर खुदकुशी कर लेंगी।
पेट्रोल डालने वाले वीडियो पर तुरंत आई थीं गाड़ियां, अब आरोपी क्यों हैं फरार?
अंकित बालियान की हत्या के बाद उनकी चाची ने भी पुलिस की कार्यप्रणाली और दोहरे रवैये पर भारी आक्रोश व्यक्त किया है। मीडिया से बातचीत में चाची ने आठ महीने पुरानी एक घटना का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि जब अंकित का एक गाड़ी में पेट्रोल डालते हुए वीडियो सामने आया था, तब महज कुछ ही समय के भीतर पुलिस की कई गाड़ियां उसकी तलाश में घर पहुंच गई थीं और पुलिस उसे तुरंत अपने साथ ले गई थी।
चाची ने तीखा सवाल उठाया कि आज वही पुलिस कहां गायब हो गई? जब अंकित की सरे शाम गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई है, तो अब तक आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर क्यों हैं? उन्होंने मांग की है कि जिस तरह पुलिस ने पहले तत्परता दिखाई थी, ठीक वैसी ही फुर्ती अब भी दिखाए और कातिलों का जल्द से जल्द एनकाउंटर करे।

