90 के दशक के सुपरस्टार गोविंदा इन दिनों अपनी फिल्मों से ज्यादा अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। इसकी मुख्य वजह उनकी पत्नी सुनीता आहूजा के बेबाक बयान रहे हैं। वर्तमान में सुनीता रियलिटी शो 'लॉक अप 2' में एक कंटेस्टेंट के तौर पर शामिल हैं।
इस शो में उनके साथ मौजूद अभिनेत्री शिल्पा शिंदे ने जब गोविंदा को लेकर कोई टिप्पणी की, तो सुनीता ने तुरंत पलटवार करते हुए शिल्पा की क्लास लगा दी। आखिर क्या है पूरा मामला, आइए जानते हैं।
शिल्पा शिंदे को सुनीता की नसीहत
जब से शिल्पा शिंदे ने सोमवार को नेटफ्लिक्स के रियलिटी शो 'लॉक अप: सच या सजा' में एंट्री ली है, शो का माहौल पूरी तरह से बदल गया है। विवाद तब शुरू हुआ जब शिल्पा ने सुनीता आहूजा के बिंदास अंदाज की तारीफ करते हुए कहा, "आप बेबाक जरूर हैं, लेकिन गलत नहीं हैं। गोविंदा जी के बहुत से प्रशंसक हैं, लेकिन उन्हें आपकी टिप्पणियों पर सवाल उठाने का अधिकार नहीं है।"
इस तारीफ के बदले सुनीता ने शिल्पा को जमकर खरी-खोटी सुनाई। सुनीता ने कहा कि उन्हें 'मुंहफट' का टैग लोगों ने दिया है। उन्होंने शिल्पा को नसीहत देते हुए कहा कि पहले खुद को मेरी जगह रखकर देखें, फिर मुझे जज करें। जब ऐसी स्थिति किसी और के साथ होगी, तब उन्हें अहसास होगा। सुनीता ने साफ शब्दों में कहा, "वह मेरे पति हैं, मैं उन्हें नहीं छोड़ूंगी। उन्हें डांटने का हक केवल मुझे है।"
परिवार के मामलों में दखल बर्दाश्त नहीं
सुनीता यहीं नहीं रुकीं, उन्होंने शो के प्रतिभागी राम कपूर से बातचीत के दौरान शिल्पा पर आरोप लगाया कि वह गोविंदा का मुद्दा उठाकर उन्हें उकसाने की कोशिश कर रही हैं। सुनीता ने आक्रामक लहजे में कहा, "वह मेरे पति हैं, उन्हें जो करना है करने दो। उनके बारे में बोलने का हक किसी और को नहीं है, क्योंकि मैं उनकी पत्नी हूं। अगर शिल्पा अपनी हद पार करेंगी, तो उन्हें मुझसे जवाब मिलेगा। मेरे परिवार के बारे में बात मत करो। वह मेरे पति हैं, चाहे उनके 50 अफेयर ही क्यों न हों, इससे शिल्पा को क्या फर्क पड़ता है।"
गोविंदा-सुनीता के रिश्ते पर उठ रहे सवाल
पिछले कई सालों से यह चर्चा जोरों पर है कि गोविंदा और सुनीता के रिश्ते में मनमुटाव चल रहा है। गॉसिप गलियारों में तो यहां तक खबरें आई थीं कि दोनों तलाक लेने वाले हैं। हालांकि, अभी तक इस बारे में किसी ने आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा है। लेकिन सुनीता के हालिया बयानों और शो में उनके गुस्से ने एक बार फिर इस बात को हवा दे दी है कि शायद इस मशहूर पति-पत्नी के रिश्ते में सब कुछ सही नहीं चल रहा है।

