क्या आप आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए सरकारी दफ्तरों या जनसेवा केंद्रों के चक्कर काट-काटकर थक चुके हैं? अगर हाँ, तो अब आपको परेशान होने की बिल्कुल भी जरूरत नहीं है। सरकार ने आपकी सुविधा के लिए एक शानदार पहल की है, जिससे अब आप अपने स्मार्टफोन के जरिए, घर बैठे ही आयुष्मान कार्ड बना सकते हैं।
अब न तो आपको दफ्तरों की लंबी लाइनों में लगना होगा और न ही कस्टमर केयर को कॉल करके घंटों इंतजार करना होगा।
सरकार ने लॉन्च किया 'आयुष्मान सारथी' चैटबॉट
आम लोगों की मुश्किलों को देखते हुए सरकार ने 'आयुष्मान सारथी' नाम का एक खास WhatsApp चैटबॉट लॉन्च किया है। इस चैटबॉट की मदद से आप 24 घंटे 'आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना' (AB PM-JAY) की सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं। नेशनल हेल्थ अथॉरिटी (NHA) द्वारा तैयार किया गया यह चैटबॉट पूरी तरह सुरक्षित है और API तकनीक के जरिए सीधे योजना के डिजिटल सिस्टम से जुड़ा हुआ है।
WhatsApp पर मिलेगी हर सुविधा
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इस चैटबॉट के जरिए आप न सिर्फ नया कार्ड बना सकते हैं, बल्कि और भी कई महत्वपूर्ण काम चुटकियों में निपटा सकते हैं। आप अपनी पात्रता (Eligibility) की जांच कर सकते हैं, ई-केवाईसी (eKYC) पूरी कर सकते हैं, अपने कार्ड को आधार से लिंक कर सकते हैं और जरूरत पड़ने पर कार्ड को लॉक या अनलॉक भी कर सकते हैं।
इतना ही नहीं, 70 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों के लिए 'आयुष्मान वयो वंदना कार्ड' से जुड़ी सेवाएं भी यहाँ उपलब्ध हैं। आप अपने इलाज का इतिहास देख सकते हैं, पास के अस्पताल ढूंढ सकते हैं, और शिकायत दर्ज करने के साथ-साथ अस्पताल से मिलने वाली सेवाओं पर फीडबैक भी दे सकते हैं। इसका मुख्य उद्देश्य सरकारी सेवाओं को पारदर्शी और आम नागरिक की पहुंच में लाना है।

