अगर आप अगस्त के महीने में बैंक से जुड़ा कोई भी जरूरी काम निपटाने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके बेहद काम की है। त्यौहारों के लिहाज से अगस्त का महीना काफी खास रहने वाला है। रक्षाबंधन, स्वतंत्रता दिवस और मिलाद-उन-नबी (बारावफात) जैसे बड़े मौकों के चलते इस महीने देश के अलग-अलग हिस्सों में बैंकों में छुट्टियों की भरमार रहेगी।
ऐसे में बैंक शाखाओं के चक्कर काटने से पहले छुट्टियों की सूची देखना आपके लिए समझदारी भरा कदम होगा।
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा जारी कैलेंडर के मुताबिक, अगस्त 2026 में रविवार और दूसरे-चौथे शनिवार की नियमित छुट्टियों के अलावा कुल 8 दिन अलग-अलग राज्यों और शहरों में बैंक बंद रहेंगे। हालांकि, इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि पूरे देश में बैंक लगातार 8 दिन बंद रहेंगे। कई छुट्टियां क्षेत्रीय त्यौहारों और स्थानीय आयोजनों से जुड़ी हैं, जो केवल चुनिंदा शहरों में ही लागू होंगी।
अगस्त के शुरुआती हफ्ते में कहां-कहां बंद रहेंगे बैंक?
महीने की शुरुआत की बात करें तो 1 अगस्त को अगस्त का पहला शनिवार है, इसलिए आज भारतीय स्टेट बैंक (SBI), HDFC बैंक समेत देश भर के सभी सरकारी और प्राइवेट बैंक सामान्य दिनों की तरह खुले रहेंगे। बैंकों में पहली छुट्टी 4 अगस्त को पड़ने जा रही है। दरअसल, अगरतला में स्थानीय त्यौहार ‘केर पूजा’ के उपलक्ष्य में बैंकों में अवकाश रहेगा। इसके बाद 8 अगस्त को गंगटोक में बैंकों की छुट्टी रहेगी, जबकि देश के बाकी शहरों में कामकाज सामान्य रूप से चलेगा।
13 अगस्त को पैट्रियट डे के अवसर पर इम्फाल में बैंककर्मी अवकाश पर रहेंगे। इसके बाद 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व पर पूरे देश में बैंक पूरी तरह बंद रहेंगे। खास बात यह है कि इसी दिन पारसी न्यू ईयर भी पड़ रहा है, जिससे अगरतला से लेकर विजयवाड़ा तक देशभर की सभी शाखाएं बंद रहेंगी।
ओनम, बारावफात और रक्षाबंधन पर छुट्टियों की भरमार
19 अगस्त को महाराजा बीर बिक्रम किशोर मानिक्य बहादुर की जयंती के चलते अगरतला में फिर बैंक बंद रहेंगे। इसके बाद महीने के आखिरी दसों दिनों में त्यौहारों की लगातार कतार है। 25 अगस्त को ओनम, मिलाद-उन-नबी और मिलाद-ई-शरीफ के मौके पर कोच्चि, विजयवाड़ा और तिरुअनंतपुरम में अवकाश रहेगा।
अगले ही दिन यानी 26 अगस्त को बारावफात (मिलाद-उन-नबी) का पर्व देश के अधिकांश हिस्सों में मनाया जाएगा। इस दिन दिल्ली, मुंबई, लखनऊ, कानपुर, भोपाल, बेंगलुरु, हैदराबाद, पटना, जयपुर, रांची, जम्मू और श्रीनगर समेत कई बड़े शहरों में बैंकों में काम नहीं होगा।
महीने का आखिरी क्षेत्रीय अवकाश 28 अगस्त को पड़ेगा, जब रक्षाबंधन और अन्य स्थानीय पर्वों की वजह से जयपुर, भोपाल, अहमदाबाद, लखनऊ, शिमला, कानपुर और जम्मू सहित कई शहरों में बैंक बंद रहेंगे।
रविवार और शनिवार की साप्ताहिक छुट्टियां
त्यौहारों की इन 8 छुट्टियों के अलावा, बैंककर्मियों को नियमानुसार साप्ताहिक अवकाश भी मिलेंगे।
- रविवार की छुट्टियां: 2, 9, 16 और 23 अगस्त को रविवार होने के कारण देशभर में बैंक बंद रहेंगे।
- दूसरे और चौथे शनिवार की छुट्टियां: 8 अगस्त को महीने का दूसरा शनिवार और 22 अगस्त को चौथा शनिवार पड़ेगा, जिसकी वजह से देश के सभी बैंक बंद रहेंगे।
अगर आपको बैंक शाखा जाकर कोई जरूरी दस्तावेज जमा करना हो या चेक क्लियर कराना हो, तो इस लिस्ट के आधार पर ही अपने काम की योजना बनाएं। हालांकि, इस दौरान नेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और ATM सेवाएं सामान्य रूप से चालू रहेंगी।

