दिल्ली की महिलाओं के लिए एक बहुत ही राहत भरी और उत्साहजनक खबर सामने आई है। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं के लिए बहुप्रतीक्षित 'महिला समृद्धि योजना' को लागू करने की तैयारियां अपने अंतिम चरण में हैं।
अगर आप भी दिल्ली की निवासी हैं और इस योजना का इंतजार कर रही हैं, तो आपके लिए यह जानना बेहद जरूरी है कि सरकार ने इसके लिए क्या डेडलाइन तय की है।
रक्षाबंधन पर मिलेगा तोहफा
मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली सरकार इस योजना को रक्षाबंधन के पावन पर्व, यानी 28 अगस्त से लागू करने की पुरजोर तैयारी में है। इस योजना का औपचारिक शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों किए जाने की प्रबल संभावना है। एक बार योजना शुरू होते ही, पात्र महिलाओं के बैंक खातों में प्रतिमाह 2500 रुपये की आर्थिक सहायता राशि सीधे ट्रांसफर कर दी जाएगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जल्द ही इस योजना से संबंधित दिशा-निर्देश और आवेदन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी साझा करेंगी।
कौन ले सकता है इस योजना का लाभ?
इस योजना का लक्ष्य दिल्ली की निम्न और निम्न-मध्यम आय वर्ग की महिलाओं को सशक्त बनाना है। सरकार ने इसके लिए 21 से 60 वर्ष की आयु सीमा तय की है। योजना का लाभ उन्हीं महिलाओं को मिलेगा जिनके परिवार की वार्षिक आय 2.50 लाख से 3 लाख रुपये के बीच है। दिल्ली सरकार ने इस महत्वाकांक्षी योजना के लिए मौजूदा बजट में 5110 करोड़ रुपये का आवंटन किया है, हालांकि लाभार्थियों की संख्या बढ़ने पर बजट में और बढ़ोतरी की जा सकती है।
ये लोग नहीं उठा पाएंगे लाभ
सरकार ने इस योजना के लिए कुछ शर्तें भी रखी हैं ताकि इसका लाभ केवल वास्तव में जरूरतमंद परिवारों तक ही पहुंचे। सरकारी नौकरीपेशा परिवार, आयकर भरने वाले, सरकारी पेंशन प्राप्त करने वाले और ऐसे परिवार जिनके पास चार पहिया वाहन (कार) है, उन्हें इस योजना के दायरे से बाहर रखा गया है। लाभार्थियों का चयन सामाजिक-आर्थिक स्थिति और निर्धारित मानकों के आधार पर किया जाएगा। पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और डिजिटल होगी, जिसमें राशि सीधे डीबीटी (DBT) के जरिए खातों में भेजी जाएगी।
चुनावी वादा पूरा करने की तैयारी
आपको बता दें कि 'महिला समृद्धि योजना' भाजपा के 2025 दिल्ली विधानसभा चुनाव घोषणा पत्र का एक प्रमुख वादा और बड़ी गारंटी थी। पार्टी ने सत्ता में आने पर महिलाओं को हर महीने वित्तीय सहायता देने का संकल्प लिया था, जिसे अब सरकार धरातल पर उतारने जा रही है।

