Dailyhunt
कच्चा तेल 126 डॉलर के पार, कमर्शियल गैस भी हुई महंगी; फिर पेट्रोल-डीजल के दाम क्यों नहीं बढ़ रहे? जानें सरकार का 'सीक्रेट' प्लान

कच्चा तेल 126 डॉलर के पार, कमर्शियल गैस भी हुई महंगी; फिर पेट्रोल-डीजल के दाम क्यों नहीं बढ़ रहे? जानें सरकार का 'सीक्रेट' प्लान

UPUK Live 4 days ago

Petrol-Diesel Price Today: देश में महंगाई को लेकर एक अजीबोगरीब स्थिति बनी हुई है। बीते शुक्रवार को 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी (LPG) सिलेंडर की कीमतों में 993 रुपये की भारी बढ़ोतरी की गई, जो इस साल का सबसे बड़ा इजाफा है।

यह फैसला तब आया जब वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतें चार साल के उच्चतम स्तर 126 डॉलर प्रति बैरल को पार कर गईं। ऐसे में हर कोई यही सोच रहा है कि जब गैस महंगी हो रही है और कच्चा तेल आसमान छू रहा है, तो पेट्रोल और डीजल की कीमतें अब तक क्यों नहीं बढ़ीं?

पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर कई तरह के फर्जी नोटिस और दावों की बाढ़ आई हुई है। विपक्ष का भी कहना है कि विधानसभा चुनावों के बाद तेल की कीमतें रॉकेट की तरह ऊपर जाएंगी। लेकिन हकीकत यह है कि पिछले साल मार्च में 2 रुपये की कटौती के बाद से ईंधन के दाम स्थिर बने हुए हैं। मार्च में घरेलू एलपीजी की दरों में 60 रुपये की बढ़ोतरी के बाद से उसमें भी कोई बदलाव नहीं हुआ है।

आखिर क्यों थमी हुई हैं कीमतें?

हर किसी के मन में यही सवाल है कि आखिर तेल कंपनियां घाटा सहकर भी दाम क्यों नहीं बढ़ा रही हैं? एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने संकेत दिए हैं कि कीमतों में बढ़ोतरी महज समय की बात है। यह होना तय है, लेकिन सरकार ने फिलहाल इस पर ब्रेक लगा रखा है। दिलचस्प बात यह है कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण पिछले दो महीनों में कच्चे तेल की कीमतें 50% से ज्यादा बढ़ चुकी हैं। अनुमान के मुताबिक, तेल कंपनियों को रोजाना करीब 2,400 करोड़ रुपये का नुकसान हो रहा है।

तेल कंपनियों के पास है भारी-भरकम 'बैकअप'

इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी सरकारी कंपनियां रूस-यूक्रेन युद्ध और वैश्विक अस्थिरता के बीच भारी उतार-चढ़ाव झेल रही हैं। जब कच्चे तेल के दाम 70 डॉलर के आसपास थे, तब इन कंपनियों ने मोटा मुनाफा कमाया था। वित्त वर्ष 2024 में इन तीनों कंपनियों का कुल मुनाफा 86,000 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था। विशेषज्ञों का मानना है कि पिछले साल का यही बंपर मुनाफा कंपनियों को फिलहाल रोजाना होने वाले 2,400 करोड़ रुपये के घाटे को सहने की ताकत दे रहा है।

आज आपके शहर में क्या हैं रेट?

फिलहाल देश के प्रमुख शहरों में पेट्रोल और डीजल की कीमतें स्थिर बनी हुई हैं। दिल्ली में पेट्रोल 94.77 रुपये और डीजल 87.67 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है। आर्थिक राजधानी मुंबई में पेट्रोल 103.54 रुपये और डीजल 90.03 रुपये पर टिका है। वहीं कोलकाता में पेट्रोल 105.45 रुपये और चेन्नई में 100.80 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। अन्य शहरों जैसे बेंगलुरु (102.92), भुवनेश्वर (101.10) और चंडीगढ़ (94.30) में भी कीमतें जस की तस बनी हुई हैं।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: UPUKLive