चेन्नई: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजों ने पूरे देश को चौंका दिया है। सुपरस्टार से नेता बने थलापति विजय की पार्टी 'तमिलगा वेत्री कड़गम' (TVK) ने अपने पहले ही चुनाव में 108 सीटें जीतकर राज्य की राजनीति का चेहरा बदल दिया है।
विजय अब सीधे मुख्यमंत्री की कुर्सी की ओर बढ़ रहे हैं, लेकिन इस ऐतिहासिक जीत के बीच जिस एक नाम की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है, वह है मशहूर एक्ट्रेस तृषा कृष्णन।
विजय की जीत और तृषा का ट्रेंड होना
थलापति विजय की भारी जीत के बाद सोशल मीडिया पर तृषा कृष्णन लगातार ट्रेंड कर रही हैं। चर्चा तब और गर्म हो गई जब खबर आई कि चुनाव नतीजों के तुरंत बाद तृषा सीधे विजय से मिलने उनके घर पहुँची थीं। जहाँ एक तरफ विजय की इस बड़ी कामयाबी पर उनके परिवार ने चुप्पी साध रखी है, वहीं तृषा की इस नजदीकी ने कई तरह की अटकलों को जन्म दे दिया है। इंस्टाग्राम पर दोनों की कुछ पुरानी तस्वीरें भी वायरल हो रही हैं, जिसमें तृषा ने लिखा था, "आप में से जिन्होंने पूछा, इंतज़ार किया और दुआ की… ये आप ही के लिए है…"।
कौन हैं तृषा कृष्णन?
तृषा कृष्णन तमिल और तेलुगू सिनेमा की टॉप अभिनेत्रियों में गिनी जाती हैं। 4 मई 1983 को चेन्नई में जन्मी तृषा कभी क्रिमिनल साइकोलॉजिस्ट बनना चाहती थीं, लेकिन मॉडलिंग के दौरान उन्हें फिल्मों के ऑफर मिलने लगे और उन्होंने पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी। साल 1999 में एक छोटे रोल से शुरुआत करने वाली तृषा आज साउथ की 'क्वीन' मानी जाती हैं। उनकी निजी जिंदगी भी काफी उतार-चढ़ाव भरी रही है। साल 2015 में उन्होंने बिजनेसमैन वरुण मनियन से सगाई की थी, लेकिन जब वरुण ने शादी के बाद एक्टिंग छोड़ने की शर्त रखी, तो तृषा ने सगाई तोड़ना बेहतर समझा।
विजय और तृषा का क्या है रिश्ता?
विजय और तृषा की दोस्ती सालों पुरानी है। दोनों ने पर्दे पर कई ब्लॉकबस्टर फिल्में दी हैं और दर्शकों को उनकी ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री बेहद पसंद आती है। हालांकि, लंबे समय से दोनों के बीच प्रेम संबंधों की अफवाहें उड़ती रही हैं, लेकिन न तो विजय और न ही तृषा ने कभी इस पर मुहर लगाई है।
शादी और तलाक की अटकलें
विजय की पर्सनल लाइफ पिछले कुछ समय से विवादों में रही है। उनकी पत्नी संगीता ने कुछ महीने पहले तलाक की अर्जी दी थी, जिसमें उन्होंने बताया कि वे दो साल से अलग रह रहे हैं। संगीता ने विजय पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप भी लगाए थे। हैरान करने वाली बात यह है कि विजय की इस बड़ी जीत पर उनके बच्चों ने भी कोई खुशी जाहिर नहीं की है। उनके बेटे जेसन संजय ने तो पिता को सोशल मीडिया पर अनफॉलो तक कर दिया है। अब गलियारों में चर्चा है कि सत्ता संभालने के बाद विजय अपनी पत्नी से आधिकारिक तौर पर अलग होकर तृषा से शादी कर सकते हैं।
क्या राजनीति में एंट्री करेंगी तृषा?
खबर सिर्फ शादी तक सीमित नहीं है, चर्चा है कि तृषा अब राजनीति के मैदान में भी उतर सकती हैं। रिपोर्ट्स की मानें तो TVK के बड़े नेता चाहते हैं कि तृषा पार्टी में शामिल हों। विजय ने इस चुनाव में दो सीटों (पेराम्बुर और तिरुचिरापल्ली पूर्व) से जीत दर्ज की है। नियम के मुताबिक उन्हें एक सीट छोड़नी होगी। माना जा रहा है कि तिरुचिरापल्ली पूर्व की खाली होने वाली सीट पर होने वाले उपचुनाव में विजय तृषा कृष्णन को अपना उम्मीदवार बना सकते हैं।
TVK की जीत का गणित
तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा में विजय की पार्टी TVK 108 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। हालांकि, बहुमत के जादुई आंकड़े (118 सीट) से वे अभी भी 10 सीटें पीछे हैं। मुख्यमंत्री बनने के लिए विजय को अब गठबंधन का सहारा लेना होगा, ताकि वे तमिलनाडु में अपनी सरकार बना सकें।

