Kerala Assembly Election Results 2026: केरलम की सियासत से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। विधानसभा चुनाव के नतीजों और रुझानों ने साफ कर दिया है कि राज्य में एक बार फिर 'सत्ता परिवर्तन' का रिवाज लौट आया है।
140 सीटों वाली विधानसभा में कांग्रेस के नेतृत्व वाले UDF (यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट) ने 100 सीटों का आंकड़ा पार कर लिया है, जबकि सत्ताधारी LDF महज 41 सीटों पर सिमटती दिख रही है। 10 साल के लंबे वनवास के बाद कांग्रेस की वापसी तो तय है, लेकिन अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि केरलम का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा?
शशि थरूर की मुस्कुराहट और 'हाईकमान' वाला फॉर्मूला
मुख्यमंत्री की रेस में सबसे पहला और ग्लैमरस नाम तिरुवनंतपुरम के सांसद शशि थरूर का चल रहा है। थरूर नतीजों से एक दिन पहले ही तिरुवनंतपुरम पहुंच गए थे। जब पत्रकारों ने उनसे मुख्यमंत्री बनने को लेकर सवाल किया, तो उन्होंने बड़े ही दिलचस्प अंदाज में मुस्कुराते हुए कहा, "मैं अच्छी तरह जानता हूं कि आप मुझसे क्या कहलवाना चाह रहे हैं, लेकिन मैं इनमें से कुछ भी नहीं कहूंगा।"
थरूर ने कांग्रेस की पुरानी परंपरा का जिक्र करते हुए बताया कि सीएम का चयन कैसे होगा। उन्होंने कहा कि पहले विजयी विधायकों से पार्टी अध्यक्ष का दूत मिलेगा, उनकी राय जानी जाएगी और फिर 'हाईकमान' आखिरी फैसला लेगा। थरूर के इस सधे हुए बयान ने सस्पेंस को और बढ़ा दिया है।
केसी वेणुगोपाल की एंट्री और सतीशन-चेन्निथला का दावा
थरूर के अलावा केसी वेणुगोपाल के नाम ने कांग्रेस के भीतर हलचल तेज कर दी है। वेणुगोपाल की टीवी देखते हुए तस्वीरें वायरल हो रही हैं, और उनके समर्थक सड़कों पर बड़े-बडे कटआउट लेकर जश्न मना रहे हैं। हालांकि, एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें थरूर और वेणुगोपाल गले मिल रहे हैं, लेकिन सियासी गलियारों में इसे 'शक्ति प्रदर्शन' के तौर पर देखा जा रहा है।
इस लिस्ट में दो और कद्दावर नाम हैं- वी.डी. सतीशन, जो फिलहाल नेता प्रतिपक्ष और प्रदेश अध्यक्ष की दोहरी भूमिका निभा रहे हैं, और रमेश चेन्निथला, जो अनुभवी नेता हैं और पहले भी विपक्ष का चेहरा रह चुके हैं। इन दिग्गजों के बीच की खींचतान ने कांग्रेस हाईकमान की टेंशन बढ़ा दी है।
विपक्ष का तंज: "शुरू हो गई है तीखी लॉबिंग"
कांग्रेस के भीतर मचे इस घमासान पर विपक्षी दल CPI(M) ने चुटकी ली है। पार्टी महासचिव एम.ए. बेबी ने कहा कि जैसे ही वोटिंग खत्म हुई, कांग्रेस के अंदर 'म्यूजिकल चेयर' का खेल शुरू हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता एक-दूसरे पर हमले कर रहे हैं और मुस्लिम लीग जैसे सहयोगी दल भी अब अपनी पसंद थोपने लगे हैं।
10 साल बाद टूटा पिनरई विजयन का किला

