नई दिल्ली/कोलकाता: पश्चिम एशिया में छिड़ी भीषण जंग ने पूरी दुनिया में खलबली मचा दी है। ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) बंद होने की कगार पर है, जिससे कच्चे तेल और एलपीजी (LPG) की सप्लाई चेन पूरी तरह चरमरा गई है।
इस वैश्विक ऊर्जा संकट ने भारत सरकार की नींद उड़ा दी है। इसी गंभीर स्थिति और ईंधन की उपलब्धता पर चर्चा करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी शुक्रवार को राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ एक महत्वपूर्ण वर्चुअल मीटिंग करने जा रहे हैं।
ममता बनर्जी को सता रहा है लॉकडाउन का डर
एक तरफ जहां केंद्र सरकार तेल संकट का समाधान खोजने में जुटी है, वहीं दूसरी ओर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक चौंकाने वाला दावा किया है। ममता बनर्जी को देश में एक बार फिर से लॉकडाउन लगने का डर सता रहा है। गुरुवार को एक चुनावी रैली के दौरान उन्होंने आशंका जताई कि ईंधन की कमी का बहाना बनाकर केंद्र सरकार फिर से पाबंदियां थोप सकती है। हालांकि, उन्होंने कड़े शब्दों में यह भी कहा कि अगर ऐसा होता भी है, तो यह उन्हें या उनकी पार्टी (TMC) को विधानसभा चुनाव में भाजपा से लड़ने से नहीं रोक पाएगा।
ईंधन संकट और 2021 की यादें
टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने पश्चिम बर्धमान जिले के पांडवेश्वर में चुनावी प्रचार करते हुए कहा कि फ्यूल सप्लाई की चिंताओं को देखते हुए केंद्र सरकार लॉकडाउन जैसा कड़ा कदम उठा सकती है। उन्होंने 2021 के बंगाल विधानसभा चुनावों का जिक्र करते हुए कहा, "वे फिर से लॉकडाउन लगा सकते हैं और लोगों को घरों में बंद करने की कोशिश कर सकते हैं। मैंने 2021 की चुनौतियों का सामना किया है और मैं किसी भी स्थिति में लड़ना जानती हूं।"
गैस सिलेंडर की कमी पर मोदी सरकार को घेरा
ममता बनर्जी ने एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग में हो रही देरी को लेकर भी केंद्र पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "पहले खबर आई थी कि बुकिंग के 35 दिन बाद सिलेंडर मिलेगा, अब कहा जा रहा है कि 25 दिन लगेंगे। मुझे इन पर बिल्कुल भरोसा नहीं है। अगर किसी का गैस खत्म हो गया, तो वह 25 दिन तक क्या खाएगा?" उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आज लोग फिर से पुराने ज़माने की तरह खाना पकाने और आने-जाने के साधनों का उपयोग करने पर मजबूर हो रहे हैं।
महंगाई और केंद्र की योजना पर सवाल
प्रधानमंत्री पर हमला बोलते हुए ममता ने कहा कि मोदी सरकार के आने से पहले घरेलू सिलेंडर 400 रुपये का था, जो आज 1,100 रुपये के पार है। पेट्रोल की कीमतें आसमान छू रही हैं और अब अलर्ट जारी किए जा रहे हैं। उन्होंने सवाल पूछा, "क्या भाजपा फिर से लोगों को घरों में कैद करने की योजना बना रही है? जब कोरोना के वक्त लॉकडाउन था, तब भी हमने अपनी पूरी ताकत से लड़ाई लड़ी थी और अब भी पीछे नहीं हटेंगे।"
आज की बैठक में कौन-कौन होगा शामिल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज उन राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे जहां फिलहाल चुनाव नहीं हो रहे हैं। इस बैठक का मुख्य एजेंडा पश्चिम एशिया संघर्ष के चलते पैदा हुए तेल संकट से निपटने की तैयारी है। दिलचस्प बात यह है कि चुनावी राज्य जैसे पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु और केरल के मुख्यमंत्रियों को ईंधन आपूर्ति पर होने वाली इस बैठक का हिस्सा नहीं बनाया गया है।

