रसोई गैस का इस्तेमाल करने वाले करोड़ों उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। आज देश में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू रसोई गैस और 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतें पूरी तरह स्थिर बनी हुई हैं।
तेल विपणन कंपनियों (OMCs) ने फिलहाल इनमें कोई भी बदलाव नहीं किया है, जिससे आम जनता को फौरी तौर पर राहत मिली है। हालांकि, कल यानी 1 अगस्त को तेल कंपनियां गैस के दामों की मासिक समीक्षा करने वाली हैं, जिस पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं।
शहरवार जानिए LPG की ताजा कीमतें
देश के प्रमुख शहरों में आज घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम इस प्रकार हैं:
- दिल्ली: घरेलू सिलेंडर 942.0 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 3113.5 रुपये
- मुंबई: घरेलू सिलेंडर 941.5 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 3067.5 रुपये
- कोलकाता: घरेलू सिलेंडर 968.0 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 3256.0 रुपये
- चेन्नई: घरेलू सिलेंडर 957.5 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 3283.0 रुपये
- बेंगलुरु: घरेलू सिलेंडर 944.5 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 3198.0 रुपये
- भुवनेश्वर: घरेलू सिलेंडर 968.0 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 3115.0 रुपये
- देहरादून: घरेलू सिलेंडर 961.0 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 2983.5 रुपये
- गाजियाबाद: घरेलू सिलेंडर 939.50 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 3113.50 रुपये
- पटना: घरेलू सिलेंडर 1031.5 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 3400.5 रुपये
1 अगस्त को क्यों बढ़ सकते हैं गैस के दाम?
आपके मन में यह सवाल जरूर आ रहा होगा कि कल गैस के दाम क्यों बढ़ सकते हैं? दरअसल, हाल ही में इराक में अमेरिकी सेना की ताबड़तोड़ एयर स्ट्राइक के बाद अंतर्राष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड अचानक से 7.4 प्रतिशत उछलकर 90.31 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर बंद हुआ है। कच्चे तेल और वैश्विक गैस की कीमतों में आई इस अचानक तेजी के कारण देश में सरकारी तेल कंपनियों की आयात लागत काफी बढ़ गई है। यही वजह है कि कल सुबह होने वाली समीक्षा बैठक में रसोई गैस सिलेंडर महंगे होने की आशंका जताई जा रही है।
अमेरिका से LPG आयात करने की बड़ी तैयारी में भारत
बढ़ती कीमतों के बीच भारत ने एक बड़ा रणनीतिक कदम उठाया है। देश की सबसे बड़ी रिफाइनरी कंपनी-इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC) इन दिनों एक बहुत बड़े गैस कैरियर (VLGCs) में 50% हिस्सेदारी खरीदने की योजना पर काम कर रही है। एक टेंडर डॉक्यूमेंट के मुताबिक, यह कदम अमेरिका से लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (LPG) का आयात और अधिक बढ़ाने की तैयारियों के तहत उठाया जा रहा है।
बता दें कि अब तक IOC विदेशों से LPG मंगाने के लिए ‘टाइम चार्टर्ड’ यानी किराए पर लिए गए जहाजों का इस्तेमाल करता था। इन जहाजों का किराया भी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में तेल और गैस की कीमतों के उतार-चढ़ाव पर ही निर्भर रहता था। लेकिन अब VLGCs में 50% हिस्सेदारी खरीदने के बाद IOC इन जहाजों की ओनरशिप लेने वाली देश की पहली भारतीय रिफाइनरी कंपनी बन जाएगी। इस ऐतिहासिक कदम से अमेरिका जैसे सुदूर देशों से एलपीजी मंगाने का लॉजिस्टिक्स खर्च काफी हद तक कम हो जाएगा।

