Dailyhunt
राजनाथ सिंह की दहाड़: 'ऑपरेशन सिंदूर' किसी के दबाव में नहीं अपनी मर्जी से रोका, न्यूक्लियर हमले की धमकी से नहीं डरता भारत

राजनाथ सिंह की दहाड़: 'ऑपरेशन सिंदूर' किसी के दबाव में नहीं अपनी मर्जी से रोका, न्यूक्लियर हमले की धमकी से नहीं डरता भारत

UPUK Live 1 week ago

क्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को पाकिस्तान को कड़े लहजे में चेतावनी देते हुए साफ कर दिया कि भारत अब किसी की धमकियों से दबने वाला देश नहीं है। उन्होंने खुलासा किया कि भारतीय सेना ने 'ऑपरेशन सिंदूर' को किसी बाहरी दबाव में नहीं, बल्कि अपनी मर्जी और अपनी शर्तों पर रोका था।

राजनाथ सिंह ने आत्मविश्वास के साथ कहा कि भारत आज पाकिस्तान के खिलाफ लंबी और निर्णायक लड़ाई लड़ने के लिए पूरी तरह सक्षम और तैयार है। पाकिस्तान द्वारा अक्सर दी जाने वाली परमाणु हमले की धमकियों पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि भारत ऐसी खोखली बातों से नहीं डरता।

पाकिस्तान 'इंटरनेशनल टेररिज्म' का हब, भारत IT का सिरमौर

राजनाथ सिंह ने दोनों देशों के बीच के अंतर को बड़े ही रोचक अंदाज में बयां किया। उन्होंने कहा कि आज जब पूरी दुनिया भारत को इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (IT) के हब के रूप में देख रही है, वहीं पाकिस्तान की पहचान भी 'IT' से ही है, लेकिन उसका मतलब "इंटरनेशनल टेररिज्म" (अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद) है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारतीय सेना की 'सर्ज कैपेसिटी' यानी युद्ध के दौरान अपनी ताकत को अचानक कई गुना बढ़ाने की क्षमता अब पहले से कहीं ज्यादा घातक हो चुकी है।

आतंकवाद की विचारधारा पर सीधा प्रहार

रक्षा मंत्री ने 'ऑपरेशन सिंदूर' को एक बड़ा 'टर्निंग पॉइंट' करार दिया। उन्होंने कहा कि इस ऑपरेशन ने दुनिया को दिखा दिया कि नया भारत अब सिर्फ कड़े शब्दों में निंदा नहीं करता, बल्कि जरूरत पड़ने पर दुश्मन के घर में घुसकर कार्रवाई करता है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सरकार की नीति को स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि देश में किसी भी आतंकी हमले को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राजनाथ सिंह के अनुसार, आतंकवाद की असली जड़ उसकी विचारधारा और उसे मिलने वाला राजनीतिक समर्थन है, जिसे पूरी तरह खत्म करना ही सरकार का लक्ष्य है।

क्या था 'ऑपरेशन सिंदूर' और इसकी कार्रवाई?

रक्षामंत्री ने इस ऑपरेशन की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि पिछले साल पहलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले के बाद भारत ने ईंट का जवाब पत्थर से दिया था। 7 मई 2025 को शुरू हुए 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (PoJK) में घुसकर आतंकी ठिकानों को तबाह किया था। इस बड़ी सैन्य कार्रवाई में पाकिस्तान के अंदर स्थित 9 बड़े लॉन्चपैड मिट्टी में मिला दिए गए थे और 100 से ज्यादा खूंखार आतंकियों को ढेर कर दिया गया था।

हर संकट से निपटने के लिए भारत तैयार

लखनऊ में विकास योजनाओं के लोकार्पण के दौरान राजनाथ सिंह ने देश की आर्थिक और सामरिक मजबूती का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि चाहे गल्फ वॉर की स्थिति हो या कोविड जैसा वैश्विक संकट, भारत ने हमेशा मजबूती से अपनी राह बनाई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बीजेपी सरकार के रहते देश पर कोई बड़ा संकट नहीं आने दिया जाएगा। भारत आज अपनी सीमाओं की रक्षा के साथ-साथ विकास की नई ऊंचाइयों को छूने की ताकत रखता है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: UPUKLive