Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
"रावण ने भी अपनी बहनों को इतना धोखा नहीं दिया होगा." अखिलेश यादव का सीएम योगी पर तीखा हमला

"रावण ने भी अपनी बहनों को इतना धोखा नहीं दिया होगा." अखिलेश यादव का सीएम योगी पर तीखा हमला

UPUK Live 1 week ago

माजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रक्षाबंधन के पावन अवसर पर महिलाओं को दी गई मुफ्त बस यात्रा की सुविधा को लेकर योगी सरकार पर वादाखिलाफी का गंभीर आरोप लगाया है।

प्रदेशभर से आई बसों की भारी किल्लत और महिलाओं को सीटें न मिल पाने की खबरों का हवाला देते हुए सपा प्रमुख ने सीएम योगी आदित्यनाथ पर सीधा हमला बोला। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “रावण ने भी अपनी बहनों को इतना धोखा नहीं दिया होगा, जितना इस भाजपा सरकार ने दिया है।”

अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर प्रयागराज बस अड्डे का एक वीडियो साझा किया। इस वीडियो में बस अड्डे परिसर में चारों तरफ कीचड़ फैला नजर आ रहा है और रक्षाबंधन के दिन यात्री, विशेषकर महिलाएं, बसों के लिए बुरी तरह परेशान होती दिख रही हैं। सपा मुखिया ने दावा किया कि रक्षाबंधन के पर्व पर पूरे प्रदेश में महिलाओं ने बसों की भारी अनुपलब्धता, सीटें न मिलने और तय स्टॉपेज पर बसों के न रुकने की लगातार शिकायतें की हैं।

सीएम योगी और बीजेपी पर दागे तीखे सवाल

पूर्व मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर अपनी भड़ास निकालते हुए लिखा, “भाजपा अब चाहे कितनी भी कीचड़ फैला दे, लेकिन अब उसका कमल कभी नहीं खिलेगा। बहनों के साथ ऐसा धोखा तो रावण ने भी नहीं किया था। अधर्मी भाजपा और उनके संगी-साथी तो दशानन से भी बड़े झूठे साबित हुए हैं, क्योंकि ये दस से भी अधिक मुख से दस गुना ज्यादा झूठ बोलते हैं। रावण ने तो केवल एक बार भेष बदलकर छल किया था, लेकिन ये तो लगातार उसी भेष में रहकर जनता को छलते और ठगते आ रहे हैं। इस बार भाजपा जाएगी और फिर कभी वापस नहीं आएगी।”

महिलाओं ने लगाए बसें न मिलने के गंभीर आरोप

सपा अध्यक्ष द्वारा साझा किए गए वीडियो में महिला यात्रियों ने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा मुफ्त बस यात्रा की ढिंढोरा पीटने वाली घोषणा के बावजूद जमीनी स्तर पर बसें उपलब्ध ही नहीं थीं। जो बसें आ भी रही थीं, उनमें तिल रखने की जगह नहीं थी। कुछ महिला यात्रियों का तो यह भी आरोप था कि निर्धारित स्टॉपेज पर बस ड्राइवर गाड़ियों को जानबूझकर रोक ही नहीं रहे थे, ताकि महिलाओं को मुफ्त सफर का लाभ न देना पड़े।

दूसरी ओर, योगी सरकार की तरफ से इन आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया गया है कि रक्षाबंधन के विशेष अवसर पर दी गई निःशुल्क बस यात्रा सुविधा का लाभ उठाकर 45 लाख से अधिक महिलाओं ने सुरक्षित सफर तय किया है।

आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश सरकार ने रक्षाबंधन के त्योहार पर महिलाओं की राह आसान बनाने के उद्देश्य से 27 अगस्त की मध्यरात्रि से शुक्रवार मध्यरात्रि तक यूपी रोडवेज की बसों में महिलाओं और उनके साथ यात्रा करने वाले एक सहयात्री के लिए पूरी तरह से मुफ्त यात्रा का ऐलान किया था। साथ ही शासन की ओर से परिवहन विभाग, पुलिस और स्थानीय प्रशासन को महिलाओं की सुरक्षा व सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए गए थे।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: UPUKLive