लखनऊ। उत्तर प्रदेश के सियासी गलियारे से एक बड़ी और चिंताजनक खबर सामने आ रही है। समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता और संस्थापक सदस्यों में से एक, राजेंद्र चौधरी की तबीयत अचानक बिगड़ गई है । शुक्रवार को उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिसके बाद आनन-फानन में उन्हें लखनऊ के श्यामा प्रसाद मुखर्जी (सिविल) अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
डॉक्टरों के मुताबिक, उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
दरअसल, पूर्व मंत्री राजेंद्र चौधरी को हार्ट अटैक (दिल का दौरा) आने के बाद कार्डियक अरेस्ट हुआ है। अस्पताल प्रशासन ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्हें तुरंत आईसीयू (ICU) में शिफ्ट कर दिया है। जैसे ही यह खबर राजनीतिक हलकों में फैली, सपा कार्यकर्ताओं और नेताओं में चिंता की लहर दौड़ गई।
डॉक्टरों की विशेष टीम निगरानी में जुटी
सिविल अस्पताल के निदेशक डॉ. जीपी गुप्ता ने राजेंद्र चौधरी के स्वास्थ्य को लेकर शुरुआती जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि पूर्व मंत्री को हार्ट अटैक के बाद कार्डियक अरेस्ट आया है, जिसके कारण उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। अस्पताल प्रबंधन कोई जोखिम नहीं लेना चाहता, इसलिए तुरंत विशेषज्ञ डॉक्टरों से संपर्क किया गया। बताया जा रहा है कि लोहिया संस्थान के कार्डियोलॉजी विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर भुवन चंद्र तिवारी को विशेष रूप से परामर्श के लिए बुलाया गया है। वह भी सिविल अस्पताल पहुंच चुके हैं और डॉक्टरों की टीम के साथ उनके इलाज की बारीकियों पर नजर रख रहे हैं।
अस्पताल पहुंचे सपा प्रमुख अखिलेश यादव
अपने बेहद करीबी और पार्टी के सबसे पुराने सिपहसालारों में से एक राजेंद्र चौधरी की तबीयत खराब होने की खबर मिलते ही समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों से सीधे मुलाकात की और चौधरी के स्वास्थ्य का हाल जाना। अखिलेश यादव ने डॉक्टरों से उनके इलाज के लिए हर संभव बेहतर इंतजाम करने को कहा है।
अखिलेश यादव के अस्पताल पहुंचने के बाद वहां सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगना शुरू हो गया है। हर कोई अपने नेता के जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहा है।

