उत्तर प्रदेश के संभल जिले से पुलिस महकमे का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने खाकी को चर्चा में ला दिया है। ड्यूटी से नदारद रहने और उसके बाद हुई एक 'विवादित टिप्पणी' ने ऐसा तूल पकड़ा कि मामला सीधे कप्तान तक पहुंच गया।
अनुशासनहीनता और गंभीर आरोपों को देखते हुए संभल के एसपी ने दोनों ही पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ा एक्शन लिया है।
पेट खराब हुआ तो पेट्रोल पंप गया सिपाही, फिर हुआ बवाल
पूरा मामला गंगा एक्सप्रेसवे के इंटरचेंज पॉइंट का है, जहां हेड कांस्टेबल जय भगवान की ड्यूटी लगी थी। जब ट्रैफिक पुलिस प्रभारी दुष्यंत बालियान लहरावन गांव के पास चेकिंग करने पहुंचे, तो उन्हें ड्यूटी पॉइंट से सिपाही गायब मिला। प्रभारी ने बिना देर किए रजिस्टर में सिपाही की गैरहाजिरी (रपट) दर्ज कर दी। जब सिपाही वापस लौटा, तो उसने सफाई दी कि पेट खराब होने की वजह से वह पास के एक पेट्रोल पंप पर शौच (पॉटी) के लिए गया था।
आरोप है कि सिपाही की यह दलील सुनकर प्रभारी भड़क गए। सिपाही का दावा है कि प्रभारी ने उसे अपमानित करते हुए कहा, "तुम्हारी पॉटी का ठेका मैंने नहीं ले रखा है।"
सिपाही ने वीडियो जारी कर खोले 'राज', लगाए वसूली के आरोप
अपमानजनक शब्दों से आहत होकर हेड कांस्टेबल जय भगवान ने चुप बैठने के बजाय एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो में सिपाही ने प्रभारी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उन पर 'अवैध वसूली' के गंभीर आरोप मढ़े। सिपाही का दावा है कि कांवड़ यात्रा के दौरान उसने मिट्टी से लदा एक अवैध डंपर रोका था, जिसे कथित तौर पर प्रभारी का संरक्षण प्राप्त था। सिपाही के मुताबिक, वह अवैध ट्रकों का चालान करता था, इसीलिए प्रभारी उससे रंजिश रखते थे और इसी वजह से शौच जैसी मानवीय जरूरत के लिए जाने पर उसका अपमान किया गया।
एसपी का बड़ा एक्शन: दोनों को किया लाइन हाजिर
जैसे ही यह विवाद सोशल मीडिया पर वायरल हुआ और यूपी पुलिस की किरकिरी होने लगी, संभल के एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने तुरंत मोर्चा संभाला। पुलिस की छवि धूमिल होते देख एसपी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रभारी दुष्यंत बालियान और हेड कांस्टेबल जय भगवान, दोनों को ही लाइन हाजिर कर दिया है। इसके साथ ही विभाग ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के आदेश दिए हैं, ताकि अवैध वसूली और अनुशासनहीनता के पीछे की असली सच्चाई सामने आ सके।

