Dailyhunt
UN में बोला ईरान- 'अभी रोको ट्रंप को, वरना कल तक दुनिया में मच जाएगी तबाही'

UN में बोला ईरान- 'अभी रोको ट्रंप को, वरना कल तक दुनिया में मच जाएगी तबाही'

UPUK Live 4 days ago

संयुक्त राष्ट्र (UN) में रविवार को उस वक्त खलबली मच गई जब ईरान ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की धमकियों पर बेहद तीखा पलटवार किया। ईरान ने ट्रंप द्वारा असैन्य बुनियादी ढांचे (Civilian Infrastructure) को निशाना बनाने की बात को 'नागरिकों को डराने-धमकाने का सीधा उकसावा' करार दिया है।

ईरान का कहना है कि ट्रंप के बयान इस बात का पुख्ता सबूत हैं कि अमेरिका युद्ध अपराध (War Crimes) करने की मंशा रखता है।

ट्रंप की उस पोस्ट से बढ़ा तनाव जिसने दुनिया हिला दी

ईरान का यह कड़ा रुख ट्रंप की उस सोशल मीडिया पोस्ट के कुछ ही घंटों बाद आया है, जिसमें उन्होंने अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए ईरान को 'नरक' बनाने की धमकी दी थी। ट्रंप इस बात से नाराज हैं कि ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) को बंद कर रखा है। इसके जवाब में संयुक्त राष्ट्र में ईरान के मिशन ने 'X' पर पोस्ट कर पूरी दुनिया से अपील की है। ईरान ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय का यह कानूनी फर्ज है कि वे युद्ध अपराधों के ऐसे कृत्यों को रोकें। ईरान ने चेतावनी देते हुए कहा, "दुनिया को अभी कार्रवाई करनी चाहिए, क्योंकि कल बहुत देर हो जाएगी।"

'नरक की आग' और होर्मुज स्ट्रेट का विवाद

पूरा विवाद होर्मुज स्ट्रेट को लेकर है, जो वैश्विक तेल व्यापार के लिए जीवन रेखा माना जाता है। ट्रंप ने साफ लहजे में कहा है कि अगर यह जलमार्ग समुद्री जहाजों के लिए नहीं खोला गया, तो ईरान के पावर प्लांटों और पुलों को मलबे में तब्दील कर दिया जाएगा। ट्रंप ने कहा कि अगर रास्ता नहीं खुला तो ईरान को "नरक में भेज दिया जाएगा।" हालांकि, इससे पहले ट्रंप दो बार समयसीमा बढ़ा चुके थे और बातचीत के सकारात्मक संकेत मिलने की बात कह रहे थे, लेकिन अब कूटनीतिक समाधान की उम्मीदें बेहद कम नजर आ रही हैं।

ईरान भी नहीं पीछे हटने को तैयार: 'जहन्नुम के दरवाजे खोल देंगे'

एक तरफ ट्रंप की धमकियां हैं, तो दूसरी तरफ ईरान भी पूरी तरह अड़ा हुआ है। ईरान ने पीछे हटने का कोई संकेत नहीं दिया है, बल्कि खाड़ी के अरब देशों के बुनियादी ढांचे पर हमले कर अपने तेवर साफ कर दिए हैं। ईरान की सरकारी मीडिया के मुताबिक, संयुक्त सैन्य कमान के प्रमुख जनरल अली अब्दुल्ला अलीबादी ने ट्रंप को चुनौती देते हुए कहा है कि अगर ईरान के किसी भी बुनियादी ढांचे पर हमला हुआ, तो वे दुश्मनों के लिए 'जहन्नुम के दरवाजे' खोल देंगे। इस जुबानी जंग ने मिडिल ईस्ट में बड़े युद्ध का खतरा पैदा कर दिया है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: UPUKLive