Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
हाईटेंशन लाइन बनी मौत का कारण, बाइक सवार 2 युवकों की जलकर मौत; ग्रामीणों ने अधिकारियों को ठहराया जिम्मेदार

हाईटेंशन लाइन बनी मौत का कारण, बाइक सवार 2 युवकों की जलकर मौत; ग्रामीणों ने अधिकारियों को ठहराया जिम्मेदार

Vision4news 4 months ago

अलवर में दर्दनाक हादसा: हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरा, बाइक सवार 2 व्यक्ति जिंदा जले

अलवर जिले में सड़क पर गिरे 11 केवी बिजली लाइन के तार की चपेट में आने से बाइक सवार दो व्यक्तियों की जिंदा जलकर मौत हो गई।

हादसा इतना भयावह था कि दोनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। करंट लगने से उनकी बाइक में आग लग गई और वह पूरी तरह जलकर राख हो गई।

घटना टहला थाना क्षेत्र के धीरोडा-दरोगाला रोड पर सोमवार शाम करीब 4 बजे हुई। जानकारी के अनुसार, मूलचंद (55) पुत्र देवबक्स गुर्जर निवासी लिलिया और रमेश (52) पुत्र लायूराम गुर्जर निवासी कानियावास किसी कार्यक्रम से लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क के ऊपर से गुजर रही 11 केवी लाइन का तार टूटकर नीचे गिर गया। करंट की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और बिजली आपूर्ति बंद करवाई। सूचना मिलने पर टहला थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर टहला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मॉर्च्युरी में रखवाया। कलेक्टर के आदेश पर रात में ही दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराया गया।

घटना से नाराज ग्रामीण अस्पताल के बाहर एकत्रित हो गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे के बाद बिजली विभाग का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख रुपए मुआवजा और संविदा पर नौकरी देने की मांग की है।

टहला थाना प्रभारी मुकेश मीणा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। परिजनों और ग्रामीणों से समझाइश की जा रही है।

भाजपा नेता रोहिताश घांघल ने हादसे के लिए बिजली विभाग के अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि लाइन के ढीले तारों के कारण यह दुर्घटना हुई। उन्होंने AEN और JEN के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि जब तक पीड़ित परिवारों को मुआवजा और नौकरी नहीं मिलती, तब तक धरना जारी रहेगा।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Visionnews