Bhopal: बीते दिनों भोपाल के अलग-अलग इलाकों से एटीएम मशीनों से केश चोरी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया था. अब इस मामले में पुलिस ने कार्यवाही करते हुए 6 शातिर लोगों को गिरफ्तार किया है.
सबसे चौंकाने वाली बात ये है कि इस गैंग का मास्टरमांइड सोनू उर्फ विपुल आरजीपीवी से इंजीनियरिंग (सीएस) अंतिम वर्ष का छात्र है. पुलिस ने सभी के बैंक खाते फ्रीज कर मामले की जांच शुरू कर दी है
इस गैंग ने अभी भोपाल के शाहपुरा, कोलार और अशोका गार्डन क्षेत्र के 22 एटीएम से 20 लाख रुपये से अधिक की ठगी को अंजाम दिया है. ये आरोपी मास्टर चाबी और शटर टेम्परिंग/कैश ट्रैपिंग तकनीक से का इस्तेमाल करके वारदात को अंजाम देते थे. ये लोग पहले रेकी करते और फिर जिस एटीएम गार्ड नहीं होता था उस एटीएम को अपना निशाना बनाते थे.
ये आरोपी कैश डिस्पेंसर के पास ऐसी सेटिंग करते थे कि, ग्राहकों के रुपए मशीन में ही फंस कर नीचे गिर जाते थे. वहीं कुछ सदस्य दूर से एटीएम पर नजर रखते थे. जब ग्राहक के रुपये बाहर नहीं आते तो गैंग का एक युवक जाकर कस्टमर से कहता कि मशीन में पैसे खत्म हो गए हैं. इसके बाद जब ग्राहक वहां से भाग जाता तो शटर खोलकर ये आरोपी नकदी निकल लेते और मौके से फरार हो जाते.
आरोपियों के पास से पुलिस ने 50 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल कार जब्त की है. वहीं आरोपियों के बैंक खाते फ्रीज कर दिए गए है. और रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस को आशंका है कि गिरोह ने अन्य शहरों में भी इसी तकनीक से वारदातें की.
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ATM का कैश स्लॉट टेढ़ा या संदिग्ध दिखे तो पैसे न निकालें लेकिन खाते से राशि कट जाए तो तुरंत बैंक और पुलिस को सूचना दें.

