MP News: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अनूपपुर हादसे पर दुख जताया है. सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट करके लिखा कि अनूपपुर जिले के कोतमा नगर पालिका क्षेत्र में होटल का भवन ढहने की दुर्घटना दुखद है.
एक नागरिक की मौत होना पीड़ादायक है.
आगे कहा कि ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत को श्रीचरणों में स्थान दें और शोकसंतप्त परिजनों को दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें. घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं.
घटनास्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है. अब तक 4 लोगों को मलबे से बाहर निकाला जा चुका है. सोशल मीडिया पोस्ट में सीएम ने लिखा कि स्थानीय मंत्री, जिला प्रशासन, पुलिस एवं SECL द्वारा रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है. तीन नागरिकों को रेस्क्यू कर सकुशल निकाला गया है. NDRF की टीम मौके के लिए रवाना हो चुकी है. प्रभारी मंत्री दिलीप अहिरवार और अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत व उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं.
कलेक्टर हर्षल पंचोली ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि घटनास्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है. अब तक 4 लोगों को मलबे से बाहर निकाला जा चुका है. इनमें से एक मौत हो चुकी है. दो लोगों की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें शहडोल के मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है. वहीं एक को कोतमा में ही भर्ती किया गया है.

