CSK vs GT: आईपीएल 2026 के 37 वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस की टीमें आमने-सामने हैं. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने 26 रन पर ही अपने 3 बड़े विकेट खो दिए.
पिछले मैच में शतक जड़ने वाले संजू सैमसन इस मैच में कुछ खास कमाल नहीं कर पाए और महज 11 रन बनाकर आउट हो गए.
पावरप्ले में सीएसके के बल्लेबाज महज 28 रन ही बना सके, जिसके चलते 100 रन का स्कोर भी मुश्किल लग रहा था. हालांकि चेपॉक में स्लो-स्कोर का इतिहास पुराना है. ऐसे में कम रन बनाने के बावजूद सीएसके गुजरात को मात दे सकती है.
आईपीएल इतिहास में चेन्नई के चेपॉक मैदान पर डिफेंड होने वाला सबसे कम स्कोर 126 का है. साल 2008 में आईपीएल के पहले ही सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए इस मैदान पर महज 126 रन बनाए थे. जवाब में सीएसके की टीम इस छोटे टारगेट को चेज नहीं कर सकी और 112 रन पर ही ढेर हो गई. सिर्फ 126 रन बनाने के बावजूद आरसीबी ने यह मुकाबला 14 रन से अपने नाम कर लिया था.
चेन्नई के घरेलू मैदान पर डिफेंड होने वाला दूसरा सबसे कम स्कोर 134 का है. साल 2015 में चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 134 रन बनाए थे. जवाब में कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम 132 रन ही बना सकी और मेजबान टीम ने 2 रन से यह मुकाबला जीत लिया.
चेपॉक की पिच आमतौर पर स्पिनर्स के लिए मददगार साबित होती है. ऐसे में लो-स्कोर लक्ष्य को भी हासिल करना मुश्किल होता है.
गुजरात टाइटंस के खिलाफ इस मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने खराब शुरुआत के बावजूद कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ की 74 रन की नाबाद पारी के दम पर 158 रन बना दिए हैं. ऐसे में चेन्नई की जीत की उम्मीद अभी भी कायम हैं.

