Riyan Parag: आईपीएल 2026 के बीच राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग एक नए विवाद में फंस गए हैं. हाल ही में पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच के दौरान वह वेपिंग करते नजर आए थे, जिसके बाद उनपर कड़ा एक्शन लिया गया है.
पराग इस मामले में दोषी पाए गए हैं, जिसके बाद उनकी मैच फीस से 25 प्रतिशत जुर्माना काट लिया गया है.
दरअसल पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच के दौरान राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग दूसरी पारी के दौरान ड्रेसिंग रूम में वेपिंग करते नजर आए थे. आईपीएल की ऑफिशियल मीडिया एडवाइजरी के मुताबिक, रियान पराग ने खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों के लिए निर्धारित कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.21 का उल्लंघन किया है, जो खेल की छवि को नुकसान पहुंचाने से संबंधित है.
MI vs SRH: रियान रिकेल्टन ने हैदराबाद के खिलाफ जड़ा तूफानी शतक, ध्वस्त किया 18 साल पुराना रिकॉर्ड
बता दें, पराग के इस उल्लंघन को लेवल-1 का अपराध माना गया है, जिसके चलते उनकी 25 प्रतिशत मैच फीस काट ली गई है. इसी के साथ उन्हें एक डिमेरिट पॉइंट भी दिया गया है. बता दें, लेवल-1 के मामलों में औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं होती है. रिपोर्ट्स के मुताबिक राजस्थान के कप्तान रियान पराग ने अपनी गलती मान ली है और मैच रेफरी अमित शर्मा द्वारा दी गई सजा भी उन्होंने स्वीकार कर ली है.
गौरतलब है कि साल 2019 से भारत में ई-सिगरेट के उत्पादन, बिक्री पर प्रतिबंद लगा हुआ है. ऐसे में पराग की इस हरकत ने इस मामले को और हवा दे दी है.
आईपीएल 2026 में 24 वर्षीय रियान पराग के प्रदर्शन की बात करें, तो इस सीजन उनका प्रदर्शन अब तक काफी निराशाजनक रहा है. अब तक खेले गए 9 मैचों की 9 पारियों में उन्होंने 14.62 की औसत से महज 117 रन ही बनाए हैं. इसके अलावा उनके आईपीएल करियर पर नजर डाले, तो साल 2019 में उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के लिए अपना आईपीएल डेब्यू किया था. इस लीग में उन्होंने अब तक कुल 93 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 1683 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 7 अर्धशतक निकले हैं.

