Balrampur News: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से बड़ी खबर सामने आई है. जहां जंगली मशरूम खाना एक परिवार को भारी पड़ गया. फूड प्वाइजनिंग की वजह से परिवार के 9 लोग बीमार हो गए. जिनमें तीन बच्चे भी शामिल हैं.
सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
ये पूरा मामला वाड्रफनगर क्षेत्र के स्याही गांव का है. जहां जंगली मशरूम खाने के बाद एक ही परिवार के 9 लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई. सभी को पेट दर्द और उल्टी की शिकायत होने लगी. सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस और चिकित्सीय वाहन की मदद से सभी को सिविल अस्पताल वाड्रफनगर लाया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
प्रभारी चिकित्सा अधिकारी हेमंत दीक्षित ने इस पूरे मामले के बारे में बताया कि बच्चे जंगल खुखड़ी (जंगली मशरूम) तोड़ने गए थे. इसके बाद घर में सब्जी बनाई गई और पूरे परिवार ने मिलकर खाया. इसे खाने के बाद कुछ घंटों में उल्टी होना शुरू हो गया. तबीयत और ज्यादा बिगड़ गई. इसके बाद एंबुलेंस को सूचना दी गई. पीड़ितों को अस्पताल में भर्ती किया गया है. सभी की हालत स्थिर है.
जानकारों का मानना है कि मशरूम बेहद स्वादिष्ट और पौष्टिक होती है. इससे तरह-तरह के व्यंजन बनाए जाते हैं. इसके उलट इसके सही तरीके ना बनाया जाए या अधपका रह जाए तो नुकसानदायक हो सकता है. हेल्थ एक्सपर्ट मानते हैं कि बारिश के सीजन में मशरूम खाने से बचना चाहिए. सीलन और नमी वाली जगहों में पैदा होने वाला मशरूम बैक्टीरिया और फंगस को ट्रैप कर लेता है. इसे खाना स्वास्थ्य के नुकसानदेह हो सकता है.

